हरियाणा के नूंह जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पांच महीने के मासूम बच्चे के शव को दफनाए जाने के करीब चार महीने बाद कब्र से बाहर निकाला गया। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। अदालत ने बच्चे की मौत की दोबारा जांच के आदेश दिए हैं, क्योंकि अब इस मामले में उसकी मां पर ही हत्या का संदेह जताया जा रहा है।
बच्चे के दादा शमशाद की थी शिकायत
मामले की शुरुआत बच्चे के दादा शमशाद की शिकायत से हुई, उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पोते की हत्या बीमा राशि हासिल करने के उद्देश्य से की गई हो सकती है। शमशाद ने आशंका जताई कि इस साजिश में बच्चे की मां अफसाना और उसके मायके के कुछ लोग शामिल हो सकते हैं।
क्या है मामला
जानकारी के मुताबिक, सौंख गांव निवासी शमशाद के बेटे साहिल की शादी वर्ष 2023 में नूंह की रहने वाली अफसाना से हुई थी। सितंबर 2024 में एक सड़क दुर्घटना में साहिल की मौत हो गई थी। उस समय अफसाना गर्भवती थी। इसके बाद 12 अक्टूबर को उसने एक बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम मोहम्मद आहिल रखा गया।
साहिल की मौत से पहले ही गर्भवती थी अफसाना
शमशाद के अनुसार, बच्चे के जन्म के लगभग 12 दिन बाद अफसाना उसे अपने मायके जैताका गांव लेकर चली गई थी। परिवार के लोग समय-समय पर वहां जाकर बच्चे से मिलते रहते थे, उन्होंने बताया कि 24 मार्च को अचानक उन्हें सूचना मिली कि उनके पोते की मृत्यु हो गई है। इसके बाद वे बच्चे का शव जैताका से लेकर आए और सौंख गांव के कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार कर दिया।
बीमा की रकम को लेकर जताई गई हत्या की आशंका
शमशाद का कहना है कि उनके बेटे साहिल की जीवन बीमा राशि का मामला अभी अदालत में चल रहा है, उन्हें शक है कि इसी रकम को हासिल करने के लिए बच्चे की हत्या की गई, उन्होंने आरोप लगाया कि अफसाना और उसके परिवार के लोगों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। शमशाद ने बताया कि उन्होंने नगीना थाने में शिकायत दी थी, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने अदालत का सहारा लिया। हाई कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने मंगलवार 7 जुलाई को बच्चे की कब्र खोदकर शव बाहर निकाला।
मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अदालत के निर्देश पर बच्चे के शव को कब्र से निकालकर नल्हड़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां विशेषज्ञों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। जांच के बाद शव को परिवार को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अभी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई और आगे की कानूनी कार्रवाई उसी के आधार पर की जाएगी।
Written By Toshi Shah