Moradabad Crime News:  उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से चौंकाने वाली खबर सामने आई। जहां एक युवक की हत्या उसकी पत्नी, साली और उनके प्रेमियों ने मिलकर हत्या कर दी। कहा जा रहा है कि युवक को पहले घर में बंधक बनाया गया,फिर बिजली का करंट लगाया गया। इतने से मन नहीं भरा तो जबरन जहर देकर युवक को मौत के घाट उतार दिया। फिर घटना के बाद आरोपियों ने इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। यह घटना
मझोला थाना क्षेत्र स्थित कुंदनपुर इलाके की है।

युवक के चचेरे भाई के बेटे से पत्नी का था प्रेम प्रसंग

वहीं मृतक युवक की पहचान 30 वर्षीय पवन कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। जो एक फर्म पर काम करता था। पुलिस के मुताबिक संभल निवासी आंचल की शादी 6 साल पहले पवन कुमार ठाकुर से हुई थी। दोनों की एक 2 साल की बेटी भी है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि पवन के गांव में रहने के दौरान उसके चचेरे भाई के बेटे अंकित का घर पर आना-जाना था। इसी दौरान आंचल और अंकित के बीच प्रेम संबंध बन गया। जब इसे लेकर पवन को भनक लगी,जिसके बाद वह विवाद से बचने के लिए गांव छोड़कर कुंदनपुर में रहने लगा। फिर भी आंचल ने अंकित से संपर्क बनाए रखा।

दोनों बहनों ने की हत्या

इसी बीच आंचल की बहन शिखा की दोस्ती जयंतलपुर निवासी अजय दिवाकर से हो गई। फिर दोनों बहनों ने अपने प्रेमियों संग मिलकर पवन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। जानकारी के अनुसार जब पवन ड्यूटी से घर लौटा तो आंचल ने जानबूझकर विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान आंचल और शिखा ने पवन को रस्सी से बांध दिया। फिर अपने प्रेमियों को फोन कर घर बुला लिया।

बेरहमी से युवक को उतारा मौत के घाट

आरोप है कि चारों ने मिलकर पहले पवन को बिजली का करंट लगाया और फिर उसे जबरन जहर खिलाया। वहीं पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि पवन दर्द से तड़प रहा था,तब सभी आरोपी उसी घर में बैठकर पार्टी कर रहे थे।

जानें कैसे खुला राज?

घटना के बाद आरोपियों ने आत्महत्या का नाटक रचने की कोशिश की। सबसे पहले आंचल ने पवन की बहनों को फोन कर कहा कि उसने कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया है। जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। लेकिन जब पवन की पोस्टमार्टम की बात आई तो, आंचल ने विरोध किया, जिससे पुलिस को शक हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट के निशान और जहर की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पूछताछ की। पूछताछ में पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। फिलहाल
पुलिस ने आरोपी पत्नी आंचल,उसकी बहन शिखा और दोनों प्रेमियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

 Written By: Geeta Sharma