बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना दो साल के लंबे अंतराल के बाद पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रही हैं। वर्ष 2024 में हुए छात्र आंदोलन के बाद सत्ता छोड़ने और भारत आने के बाद उन्होंने सार्वजनिक कार्यक्रमों और मीडिया से दूरी बनाए रखी थी। अब वह नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से लोगों को संबोधित करेंगी।

यह कार्यक्रम फॉरेन कॉरेस्पॉन्डेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया (FCC South Asia) की ओर से 5 अगस्त 2026 को शाम 6 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन नई दिल्ली के मथुरा रोड स्थित सर मार्क टली ऑडिटोरियम में होगा, जबकि इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी लाइव प्रसारित किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, शेख हसीना इस दौरान अपने भविष्य की राजनीतिक योजनाओं, मौजूदा परिस्थितियों और बांग्लादेश लौटने की संभावनाओं पर विस्तार से अपनी बात रख सकती हैं। माना जा रहा है कि सत्ता से हटने के बाद यह उनका सबसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक संबोधन होगा। इस कार्यक्रम को लेकर भारत सरकार का भी रुख सामने आया है। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह एक स्वतंत्र आयोजन है और इसमें भारत सरकार किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं करेगी।

यह भी पढ़ें : ईरान को लेकर ट्रंप का सख्त संदेश, कहा- परमाणु हथियार कभी नहीं...

गौरतलब है कि 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश में आरक्षण (कोटा) व्यवस्था के खिलाफ शुरू हुआ छात्र आंदोलन देखते ही देखते बड़े सरकार विरोधी आंदोलन में बदल गया था। लगातार बढ़ते विरोध और तनावपूर्ण हालात के बीच शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़कर देश से बाहर जाना पड़ा था। इसके बाद से वह भारत में रह रही हैं और सार्वजनिक जीवन से लगभग दूर थीं।

कार्यक्रम में शेख हसीना के अलावा बांग्लादेश की कई प्रमुख हस्तियों के भी शामिल होने की संभावना है। इनमें उनके बेटे और पूर्व आईसीटी सलाहकार सजीब वाजिद जॉय, पूर्व शिक्षा मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी नोफेल तथा बांग्लादेश ह्यूमन राइट्स वॉच के महासचिव महम्मद अली सिद्दीकी समेत कई राजनेता, कूटनीतिज्ञ और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोग शामिल हो सकते हैं। शेख हसीना की यह सार्वजनिक उपस्थिति न केवल बांग्लादेश की राजनीति बल्कि दक्षिण एशिया की राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है। उनके संबोधन पर बांग्लादेश और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें टिकी रहेंगी।

Written by Rozi Sinha