Bankipur By Election 2026: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम पर राजद के प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि इस चुनाव में जीत किसकी हुई, वह महत्वपूर्ण नहीं है, भाजपा की हार हुई ये महत्वपूर्ण बात है। आगे उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र बिहार में भाजपा का सबसे सुरक्षित गढ़ माना जाता रहा है और यहां से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन लगातार बड़े मतों के अंतर से चुनाव जीतते रहे हैं। ऐसे में इस सीट पर भाजपा की हार अपने आप में बड़ा राजनीतिक संदेश देती है।
भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत,फिर भी नहीं बचा सकी सीट
राजद प्रवक्ता ने कहा कि यह उपचुनाव सामान्य चुनावों से अलग था क्योंकि भाजपा ने इसे प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया था। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने अपने 40 स्टार प्रचारकों, केंद्रीय मंत्रियों, बिहार सरकार के सभी मंत्रियों,एनडीए के लगभग 100 सांसदों, बिहार विधानसभा और विधान परिषद के सभी सदस्यों के साथ-साथ बिहार एवं अन्य राज्यों से हजारों कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार में लगाया था। इसके बावजूद भाजपा को हार का सामना करना पड़ा, जो केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार के प्रति जनता के बढ़ते असंतोष का स्पष्ट संकेत है।
जनता के आक्रोश का चुनावी प्रतिबिंब
चित्तरंजन गगन ने कहा कि पिछले दिनों दिल्ली, पटना और देश के अन्य हिस्सों में छात्र-नौजवानों का जो आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया था, उसी का असर बांकीपुर तथा मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने अपने मतदान के माध्यम से सरकार की नीतियों के प्रति असहमति दर्ज कराई है।
राजद को अपेक्षित वोट नहीं, लेकिन मुद्दों को मिला समर्थन
राजद प्रवक्ता ने स्वीकार किया कि पार्टी को अपेक्षित वोट नहीं मिले, लेकिन उन्होंने दावा किया कि राजद और उसके राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव द्वारा लगातार उठाए जा रहे मुद्दों को जनता का समर्थन प्राप्त हुआ है। उनके अनुसार मतदाताओं ने भाजपा को उसकी राजनीतिक हैसियत का एहसास करा दिया है।
भाजपा की रणनीति हुई विफल: राजद
गगन ने आरोप लगाया कि भाजपा ने एक सुनियोजित रणनीति के तहत राजद और तेजस्वी यादव को निशाना बनाते हुए प्रशांत किशोर को प्रमुखता देने का प्रयास किया, ताकि विपक्षी मतों का बिखराव हो सके। हालांकि, उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने इस रणनीति को समझते हुए भाजपा विरोधी वोटों को विभाजित नहीं होने दिया और भाजपा के राजनीतिक अहंकार को करारा जवाब दिया।
ये भी पढ़ें: पेट्रोल-बिजली की छुट्टी! धूप से चलने वाला स्कूटर लॉन्च, 60KM रेंज, जानें कीमत
कार्यकर्ताओं में उत्साह, संघर्ष रहेगा जारी
राजद प्रवक्ता ने कहा कि अपेक्षित मत नहीं मिलने के बावजूद पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक न तो निराश हैं और न ही हतोत्साहित। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ता दोगुने उत्साह और ऊर्जा के साथ तेजस्वी यादव के नेतृत्व में केंद्र और बिहार की एनडीए सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और समर्थन से भाजपा को सत्ता से बाहर कर जनभावनाओं के अनुरूप एक बेहतर राजनीतिक विकल्प प्रस्तुत करने के लिए राजद लगातार प्रयास करता रहेगा।
Written By: एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती
Edited By: Geeta Sharma