Tejashwi Yadav:  पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित एक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में RJD नेता तेजस्वी यादव शामिल हुए। जहां उन्होंने बीजेपी और RSS पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी और आरएसएस देश के संविधान में बदलाव करना चाहती हैं, इसलिए अल्पसंख्यक समाज को सतर्क रहने की जरूरत है।

'समाज को बांटकर सत्ता हासिल करती है भाजपा'

अपने संबोधन में तेजस्वी यादव ने कहा कि देश के मौजूदा दौर को समझने की आवश्यकता है और सभी को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुटता जरूरी है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें समाज को बांटकर सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही हैं और ऐसे भड़काऊ बयानों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वह कोई भी व्यक्ति क्यों न हो।

अपने राजनीतिक संघर्ष पर बोले तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने अपने राजनीतिक संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि वे लालू प्रसाद यादव के पुत्र हैं और उनके परिवार ने हमेशा दबाव और चुनौतियों का सामना किया है। उन्होंने 1990 के दशक में लालू प्रसाद यादव द्वारा तत्कालीन नेता लालकृष्ण आडवाणी की रथ यात्रा को रोकने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके परिवार ने कभी झुकने का काम नहीं किया है।

'केंद्र सरकार की नीतियां अल्पसंख्यक के खिलाफ हैं'

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां अल्पसंख्यक समुदाय के हितों के खिलाफ हैं और कई कानून ऐसे लाए गए हैं जिनका उनकी पार्टी ने लगातार विरोध किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि देश में चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया गया है और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 Writen By: Geeta Sharma