अभिनेता से राजनीति में आए सी. जोसेफ विजय आज सुबह 10 बजे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। उनके शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के शामिल होने की भी संभावना है। राज्यपाल से चौथी बार मुलाकात के बाद विजय को सरकार बनाने की अनुमति मिली। उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कषगम (टीवीके) को कई क्षेत्रीय और राष्ट्रीय दलों का समर्थन मिला, जिसके चलते पार्टी ने विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा हासिल कर लिया। विजय ने राज्यपाल को 120 विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे।
किन दलों ने दिया समर्थन?
टीवीके को विदुथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके), कांग्रेस, सीपीआई और सीपीआई(एम) समेत कई दलों का बिना शर्त समर्थन मिला है। विजय करीब 59 वर्षों बाद तमिलनाडु के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं, जो किसी द्रविड़ पार्टी से नहीं हैं। फिलहाल मंत्रिमंडल के गठन को लेकर तस्वीर साफ नहीं है और यह तय नहीं हुआ है कि उनके साथ कितने मंत्री शपथ लेंगे।
एक सप्ताह में राज्यपाल से चार मुलाकातें
शनिवार को विजय ने एक हफ्ते के भीतर चौथी बार राज्यपाल से मुलाकात की। इससे पहले पर्याप्त समर्थन पत्र नहीं जुटा पाने के कारण उन्हें दो बार निराशा हाथ लगी थी। हालांकि बाद में डीएमके के सहयोगी दलों के समर्थन के बाद राजनीतिक गतिरोध खत्म हुआ और टीवीके गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया। गठबंधन के पास फिलहाल 234 सदस्यीय विधानसभा में 120 विधायकों का समर्थन है।
चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनी थी टीवीके
विधानसभा चुनाव में टीवीके 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन बहुमत से कुछ सीटें दूर रह गई थी। चुनाव परिणाम आने के बाद पार्टी ने कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई(एम), वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग जैसे दलों से समर्थन मांगा था। वहीं, विजय ने दो विधानसभा सीटों से जीत दर्ज की है, जिनमें से एक सीट उन्हें छोड़नी होगी। इसके बाद टीवीके की संख्या 107 रह जाएगी। सहयोगी दलों में कांग्रेस के 5 विधायक हैं, जबकि सीपीआई, सीपीआई(एम), वीसीके और आईयूएमएल के 2-2 विधायक हैं। इन सभी के समर्थन से गठबंधन का आंकड़ा 120 तक पहुंच गया है।
Written By Toshi Shah