तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने एनडीए सहयोगी एआईएडीएमके के साथ सीट साझेदारी के तहत 27 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। यह सूची पार्टी की रणनीतिक सोच और क्षेत्रीय संतुलन को दर्शाती है, जिसमें कई बड़े और चर्चित चेहरों को शामिल किया गया है।
चुनाव नहीं लड़ रहे अन्नामलाई
केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन को अविनाशी (एससी) सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, उन्हें मैदान में उतारकर बीजेपी ने दलित समुदाय और पश्चिमी तमिलनाडु में अपनी पकड़ मजबूत करने का संकेत दिया है। वहीं, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। सूत्रों के अनुसार, वे संगठन और चुनावी रणनीति में अहम भूमिका निभाएंगे।
भाजपा ने तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए 27 उम्मीदवारों की सूची जारी की; डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन मायलापुर से, वनथी श्रीनिवासन कोयंबटूर (उत्तर) से और डॉ. एल. मुरुगन अविनाशी (SC) से चुनाव लड़ेंगे। pic.twitter.com/eaSpKZ28mp
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 3, 2026
पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन चुनाव लड़ेंगीं
तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन को मायलापुर सीट से टिकट दी गई है। शहरी मतदाताओं और महिला वोट बैंक को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने यह फैसला लिया है। इसके अलावा कई प्रमुख नेताओं को भी मैदान में उतारा गया है। कोयंबटूर नॉर्थ से वानती श्रीनिवासन, सत्तूर से नैनार नागेंद्रन, नागरकोइल से एम.आर. गांधी और विलावनकोड से विजयधारणी को उम्मीदवार बनाया गया है।
बीजेपी ने महिलाओं पर किया है फोकस
बीजेपी ने इस सूची में महिलाओं को भी अच्छा प्रतिनिधित्व दिया है। तमिलिसाई सुंदरराजन, वानती श्रीनिवासन, कीर्तिका शिवकुमार (मोडक्कूरिची), कविता श्रीकांत (अरंथांगी) और विजयधारणी जैसी महिला उम्मीदवारों को शामिल कर पार्टी ने महिला मतदाताओं को साधने की कोशिश की है। कुछ अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में अवाड़ी से एम. राजसिंह महिंद्रा, तिरुवन्नामलाई से सी. एलुमलाई, और रामनाथपुरम क्षेत्र की सीटें भी शामिल हैं।
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होगा मतदान
एनडीए के तहत बीजेपी को कुल 27 सीटें मिली हैं, जिनमें शहरी, पश्चिमी और दक्षिणी तमिलनाडु की महत्वपूर्ण सीटें शामिल हैं। पार्टी सीमित सीटों पर लेकिन मजबूत उम्मीदवारों के साथ चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। बता दें कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल 2026 को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई 2026 को की जाएगी।
Written By Toshi Shah