जर्मनी के मूर्स शहर में स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में हिंसक झड़प होने की घटना सामने आई है। इस घटना में लगभग 11 लोगों के घायल होने की खबर है। एक रिपोर्ट में 40 से ज्यादा लोगों के घायल की खबर है।

2 गुटों के बीच पहले से ही चल रहा था विववाद

जानकारी के अनुसार यह झड़प 2 गुटों के बीच उस समय हुई, जब गुरुद्वारे में लोग प्रार्थना के लिए जुट रहे थे। बताया जा रहा कि दो गुटों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था, जो रविवार को अचानक हिंसा में बदल गया।

 घटना में 11 से अधिक लोग घायल

जर्मनी के मूर्स स्थित एक गुरुद्वारे में हुई हिंसक झड़प ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। इस घटना में 11 से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि कई श्रद्धालु दहशत में गुरुद्वारे से बाहर भागने को मजबूर हो गए। यह घटना धार्मिक स्थल पर सुरक्षा और आपसी विवादों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, झड़प की शुरुआत पेपर स्प्रे के इस्तेमाल से हुई। इसके बाद मामला बिगड़ गया और दोनों गुटों के बीच चाकू, कृपाण और अन्य हथियारों से हमला शुरू हो गया। देखते ही देखते यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चश्मदीदों का दावा है कि घटना के दौरान किसी व्यक्ति द्वारा पिस्तौल से फायरिंग जैसी आवाज भी सुनाई दी, हालांकि बाद में इसे नकली हथियार होने की आशंका जताई गई।

घटना से गुरुद्वारे के अंदर भय का माहौल

हिंसा शुरू होते ही गुरुद्वारे के अंदर अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालु अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई लोग बिना जूते-चप्पल के ही बाहर निकलते देखे गए। इस घटना ने वहां मौजूद लोगों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी।

दान राशि और प्रशासनिक अधिकार बना विवाद का कारण

वहीं जांच में सामने आया है कि यह विवाद गुरुद्वारे के प्रबंधन को लेकर लंबे समय से चल रही तनातनी का परिणाम हो सकता है। बताया जा रहा है कि पुरानी और नई कमेटी के सदस्यों के बीच सत्ता, नियंत्रण और वित्तीय मामलों को लेकर मतभेद चल रहे थे। गुरुद्वारे की दान राशि और प्रशासनिक अधिकारों को लेकर असहमति पहले से ही बनी हुई थी, जो इस हिंसा का कारण बन सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को लिया हिरासत में

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। लगभग 100 पुलिसकर्मियों के साथ जर्मनी की विशेष कमांडो यूनिट SEK को भी बुलाया गया। इलाके की निगरानी हेलीकॉप्टर से की गई और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।

गुरुद्वारे में ऐसी हिंसा चिंताजनक

इस घटना का एक चिंताजनक पहलू यह भी रहा कि झड़प के दौरान कुछ लोगों की पगड़ियां तक उतार दी गईं, जो सिख धर्म में सम्मान और पहचान का प्रतीक मानी जाती हैं। इतना ही नहीं, गुरु ग्रंथ साहिब की मौजूदगी में कृपाणों का इस्तेमाल कर हमला किया जाना धार्मिक मर्यादा के उल्लंघन के रूप में देखा जा रहा है। यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि धार्मिक सौहार्द के लिए भी एक गंभीर चेतावनी है।

Written By: Geeta Sharma