Vijay Thalapathy News: तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद सरकार गठन को लेकर अभी भी सस्पेंस बरकरार बना हुआ है। 234 सीटों वाली विधानसभा में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। इस बीच TVK प्रमुख विजय ने 3 दिनों में तीसरी बार राज्यपाल R. N. Ravi से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। हालांकि,बहुमत के समर्थन को लेकर स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

बहुमत से अभी भी दूर TVK

चुनाव में TVK ने 108 सीटें जीतीं,लेकिन विजय के 2 सीटों से चुनाव जीतने के कारण पार्टी की प्रभावी संख्या 107 मानी जा रही है। सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन आवश्यक है। TVK को फिलहाल कांग्रेस के 5, CPI के 2 और CPI(M) के 2 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। इस तरह पार्टी के समर्थन का आंकड़ा 116 तक पहुंचता दिखाई दे रहा है,लेकिन अभी भी 2 सीटों का गणित अधूरा है।

VCK के समर्थन पर बनी हुई है उलझन

सूत्रों के मुताबिक,विदुथलाई चिरुथैगल कझगम (VCK) की ओर से TVK को समर्थन देने को लेकर कोई आधिकारिक पत्र राज्यपाल को नहीं सौंपा गया। लोक भवन में हुई बैठक के दौरान भी TVK VCK से स्पष्ट समर्थन पत्र हासिल नहीं कर पाई। इससे विपक्षी दलों को TVK के बहुमत दावे पर सवाल उठाने का मौका मिल गया है।

AMMK विधायक के समर्थन पत्र पर विवाद

सरकार गठन के बीच सबसे बड़ा विवाद AMMK विधायक कामराज के कथित समर्थन पत्र को लेकर खड़ा हो गया है। शुक्रवार देर रात TVK ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें नवनिर्वाचित विधायक कामराज को TVK के समर्थन में पत्र लिखते हुए दिखाया गया। इसके बाद TVK ने दावा किया कि उसे AMMK विधायक का समर्थन हासिल है।

AMMK महासचिव T. T. V. Dhinakaran ने क्या कहा?

हालांकि, AMMK महासचिव T. T. V. Dhinakaran ने इन दावों को फर्जी बताते हुए बड़ा आरोप लगाया। दिनाकरन तुरंत राज्यपाल से मिलने पहुंचे और उन्होंने दावा किया कि कामराज का वास्तविक समर्थन NDA और AIADMK गठबंधन को है। उन्होंने AIADMK नेता Edappadi K. Palaniswami को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में समर्थन दिए जाने की बात भी कही।

'जाली दस्तावेज जमा किए गए'

वहीं दिनाकरन ने आरोप लगाया कि TVK ने राज्यपाल के समक्ष जाली दस्तावेज की फोटोकॉपी पेश की। उन्होंने कहा कि जब राज्यपाल ने मूल पत्र मांगा, तब पूरी सच्चाई सामने आई। AMMK नेता ने इसे गंभीर जालसाजी बताते हुए TVK के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज कराने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि NDA और AIADMK गठबंधन भी सरकार बनाने के लिए अन्य दलों का समर्थन जुटाने की कोशिश करेगा। ऐसे में तमिलनाडु की राजनीति में सत्ता संघर्ष और तेज होने की संभावना है।

Written By: Geeta Sharma