केरल विधानसभा चुनाव के नतीजे आए एक हफ्ते से ज्यादा समय हो चुका है, लेकिन कांग्रेस अब तक मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर अंतिम फैसला नहीं कर पाई है। पार्टी के भीतर कई दौर की चर्चाओं के बाद संभावना जताई जा रही है कि आज मुख्यमंत्री पद के नाम की घोषणा हो सकती है। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) के पांच पूर्व अध्यक्ष, यूडीएफ संयोजक, अनुशासन समिति प्रमुख और तीन कार्यकारी अध्यक्षों ने हाल ही में राहुल गांधी से मुलाकात कर इस मुद्दे पर विचार-विमर्श किया था।

केसी वेणुगोपाल को मिला सबसे ज्यादा समर्थन

सूत्रों के अनुसार, सात नेताओं ने कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल के नाम का समर्थन किया है, जबकि दो नेताओं मुरलीधरन और वी.एम. सुधीरन ने वीडी सतीशन के पक्ष में राय दी है। वहीं एक नेता ने किसी भी पक्ष का समर्थन नहीं किया। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से किसी नाम की घोषणा नहीं की गई है। केरल कांग्रेस अध्यक्ष सनी जोसेफ ने इस स्थिति की तुलना वेटिकन में पोप चयन प्रक्रिया से करते हुए संकेत दिया कि जल्द ही “सफेद धुआं” निकलने जैसा फैसला सामने आ सकता है।

केरल में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर देरी पर यूडीएफ में असंतोष

इसी बीच केरल में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर देरी पर यूडीएफ में असंतोष भी सामने आने लगा है। पीटीआई के अनुसार, इस देरी से चुनावी जीत की धार कम होती दिख रही है। कई कार्यकर्ता और विधायक जनता के सवालों से बचते नजर आ रहे हैं। कोंडोट्टी से निर्वाचित आईयूएमएल विधायक टीवी इब्राहिम ने कहा कि लोग लगातार उनसे मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सवाल पूछ रहे हैं, लेकिन फिलहाल उनके पास इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं है।

 

Written By Toshi Shah