सोनी ने अपनी मशहूर 1000एक्स सीरीज के 10 साल पूरे होने पर अपने ग्राहकों को बड़ा तोहफा दिया है। सोनी ने नया प्रीमियम वायरलेस हेडफोन 1000X The Collexion लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि यह अब तक का सबसे एडवांस और प्रीमियम 1000एक्स मॉडल है। इसमें डीएसईई अल्टीमेट, स्पेशल ऑडियो, एलडीएसी और दमदार एक्टिव नॉइस कैंसलेशन जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके साथ ही 24 घंटे तक की बैटरी लाइफ देने का दावा करता है। बता तदें, कंपनी ने डब्ल्यूएच-1000एक्सएम6 के लिए नया सैंडस्टोन कलर भी पेश किया है।
कीमत ने उड़ाए सबके होश
Sony ने अपने नए प्रीमियम हेडफोन 1000एक्स द कलेक्शन को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसकी कीमत अमेरिका में 649.99 डॉलर रखी है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 63 हजार रुपये के बराबर होती है। यह हेडफोन प्लेटिनम और ब्लैक रंग विकल्पों में उपलब्ध होगा। बॉक्स में कैरी केस और 1.2 मीटर का डिटैचेबल ऑडियो केबल भी दिया जाएगा, जिससे यूजर्स को बेहतर पोर्टेबिलिटी और सुविधा मिलेगी।
प्रीमियम डिजाइन और दमदार ऑडियो क्वालिटी वाला हेडफोन
यह नया हेडफोन प्रीमियम डिजाइन और दमदार ऑडियो क्वालिटी के साथ पेश किया गया है। इसमें मेटल एक्सेंट, हैंड पॉलिश फिनिश और सॉफ्ट वेगन लेदर कवरिंग दी गई है, जो इसे बेहद स्टाइलिश और प्रीमियम लुक देती है। कंपनी ने इसमें नए 30एमएम डायनामिक ड्राइवर्स लगाए हैं, जिनमें कार्बन कंपोजिट डोम और सॉफ्ट एज डिजाइन का इस्तेमाल हुआ है। इससे वोकल क्लैरिटी, इंस्ट्रूमेंट सेपरेशन और हाई-फ्रिक्वेंसी डिटेल पहले से बेहतर मिलती है। लंबे समय तक आरामदायक इस्तेमाल के लिए चौड़ा कुशन हेडबैंड और नए डिजाइन वाले इयरकप्स दिए गए हैं। इसका वजन करीब 320 ग्राम है।
डीएसईई अल्टीमेट फीचर वाला पहला हेडफोन
हेडफोन में पहली बार डीएसईई अल्टीमेट फीचर दिया गया है, जो एज एआई तकनीक की मदद से कंप्रेस्ड म्यूजिक फाइल्स की खो चुकी डिटेल को रियल टाइम में वापस लाता है। इसके अलावा 360 रियलिटी ऑडियो अपमिक्स सपोर्ट भी मिलता है, जिसमें म्यूजिक, सिनेमा और गेमिंग के लिए अलग-अलग मोड दिए गए हैं। इसमें Sony WH-1000XM6 वाला एक्टिव नॉइस कैंसलेशन सिस्टम शामिल है, जिसमें 12 माइक्रोफोन और एडाप्टिव एनसी ऑप्टिमाइजर तकनीक दी गई है।
24 घंटे की लाइफ का दावा
बैटरी की बात करें तो कंपनी का दावा है कि यह हेडफोन ANC ऑन रहने पर 24 घंटे और ऑफ रहने पर 32 घंटे तक चल सकता है। इसमें ब्लूटूथ 6.0, मल्टीपॉइंट कनेक्टिविटी और SBC, AAC, LDAC व LC3 ऑडियो कोडेक्स का सपोर्ट मिलता है।
Written By: Geeta Sharma