Pakistan News: पाकिस्तान में बढ़ते तेल संकट के बीच सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए देशभर में 'स्मार्ट लॉकडाउन' लागू करने का प्रस्ताव रखा है। इस प्रस्ताव के अनुसार, हर सप्ताह शनिवार और रविवार को पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। यह व्यवस्था 4 और 5 अप्रैल 2026 से लागू होगी। सरकार का कहना है कि यह कदम ईंधन की खपत को कम करने और सीमित संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के लिए उठाया जा रहा है।

शनिवार और रविवार बंद रहेगा निजी संस्थान

प्रस्ताव के मुताबिक, लॉकडाउन हर शनिवार रात 12:01 बजे से शुरू होकर रविवार रात 11:59 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान सभी दुकानें, बाजार, फैक्ट्रियां और निजी संस्थान बंद रहेंगे। सर्विस सेक्टर पर भी रोक रहेगी। साथ ही, इन दिनों में शादियों और अन्य सामाजिक या व्यावसायिक आयोजनों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

जरूरी सेवाएं रहेंगी चालू

हालांकि, सरकार ने जरूरी सेवाओं को इस प्रतिबंध से बाहर रखा है। अस्पताल, दवा की दुकानें और आवश्यक सरकारी सेवाएं खुली रहेंगी। इसके अलावा एयरपोर्ट, बंदरगाह और रेलवे स्टेशन भी सामान्य रूप से काम करते रहेंगे, ताकि आवश्यक यात्रा और सप्लाई चेन प्रभावित न हो। लेकिन शहरों के बीच आवाजाही पर सख्त नियंत्रण रहेगा—हाईवे और मोटरवे बंद रहेंगे और निजी वाहनों के संचालन पर रोक होगी। सार्वजनिक बसों को सीमित छूट दी गई है।

कदम ईंधन संकट को देखते हुए लिया गया फैसला

सरकार ने प्रांतीय प्रशासन को यह भी निर्देश दिए हैं कि दोपहिया और तिपहिया वाहनों का जल्द पंजीकरण किया जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को सीधे सब्सिडी दी जा सके। यह कदम ईंधन संकट से प्रभावित आम जनता को राहत देने के लिए उठाया गया है।

एयरलाइन का संचालन करना पड़ सकता है बंद

इस बीच, Pakistan की राष्ट्रीय एयरलाइन Pakistan International Airlines (PIA) भी गंभीर संकट का सामना कर रही है। एयरलाइन के कंसोर्टियम चेयरमैन आरिफ हबीब ने चेतावनी दी है कि अगर जेट फ्यूल की कीमतों में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही, तो एयरलाइन का संचालन बंद करना पड़ सकता है।

US-Iran conflict के कारण बढ़ी तेल की कीमतें

जानकारी के अनुसार, 21 मार्च से जेट फ्यूल (JP-1) की कीमत 388 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 472 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जो करीब 21.65% की वृद्धि है। वहीं, 1 मार्च से अब तक इसमें लगभग 150% तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस तेज उछाल के पीछे वैश्विक स्तर पर सप्लाई में अनिश्चितता को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है, खासकर US-Iran conflict के कारण।

Writen By: Geeta Sharma