Siwan Gangrape Case: बिहार के सीवान शहर में बेखौफ अपराधियों ने कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्ती के दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। महादेवा थाना क्षेत्र में थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने दो युवतियों का जबरन अपहरण कर लिया और रास्ते में एक युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दोनों युवतियों को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
स्कूल मैदान के पास से किया अपहरण
जानकारी के अनुसार, दोनों युवतियां वीएम हाई स्कूल के मैदान के पास मौजूद थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आकर रुकी और उसमें सवार दो युवकों ने दोनों युवतियों को जबरन गाड़ी में खींच लिया। पीड़िता के मुताबिक, गाड़ी में कुछ दूरी तक ले जाने के दौरान उसके साथ दरिंदगी की गई, जिससे वह अचेत हो गई।
डायल-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना के बाद होश में आई दूसरी युवती ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पीड़िताओं को सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकीय जांच के दौरान पीड़ित युवती के शरीर पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) पूरन कुमार झा खुद सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़िताओं से घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुष्कर्म की बात सामने आ रही है। पीड़ित युवती का बयान दर्ज किया जा रहा है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर और दिन के उजाले में हुई इस गंभीर वारदात ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की गश्ती पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है।
और पढ़ें:
हिमाचल के चंबा में बस हादसे से मचा हड़कंप, 7 की मौत और 11 घायल
Reporter By Pushkar Kumar
Written by Shailesh Yadav