Nalanda News: बिहार के नालंदा जिले से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने समाज और कानून व्यवस्था दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 26 मार्च को नूरसराय थाना क्षेत्र के अजयपुर गांव में एक महिला के साथ सरेआम बदसलूकी और चीरहरण की कोशिश की गई। इस दौरान सबसे चिंताजनक बात यह रही कि मौके पर मौजूद ग्रामीण मूकदर्शक बने रहे और किसी ने भी पीड़िता की मदद करने की हिम्मत नहीं दिखाई।
महिला के साथ की गई बदसलूकी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ मनचले महिला को घसीट रहे हैं, उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और उसके कपड़े फाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। यह घटना दिनदहाड़े गांव के बीचों-बीच हुई, जिससे मानवता शर्मसार हो गई है।
पीड़ित महिला ने बताया सच
घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि महिला अपने प्रेमी से मिलने गई थी, जिसके चलते गांव के कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और सजा देने के नाम पर उसके साथ ऐसा व्यवहार किया। वहीं पीड़िता ने इन आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि वह अपने मोबाइल का सिम ब्लॉक करवाने के लिए एक दुकान पर गई थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने गलतफहमी में दुकान का गेट बंद कर दिया और दुकानदार के साथ मारपीट की।
मनचलों ने की महिला के साथ अभद्रता
पीड़िता के अनुसार, वह किसी तरह खिड़की से बाहर निकली, लेकिन बाहर निकलते ही मनचलों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट व अभद्रता की। उसका दुपट्टा कमर में बांधकर उसे पूरे गांव में घुमाया गया और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। महिला का कहना है कि अगर उसने कोई गलती की भी होती, तो उसका निर्णय उसके परिवार को करना चाहिए था, न कि गांव वालों को कानून हाथ में लेना चाहिए था।
आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस की तत्परता से स्थिति और बिगड़ने से बच गई। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और अब तक दो आरोपियों अशोक यादव और मतलू महतो उर्फ नवनीत कुमार को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। राज्य सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और अगर पीड़िता के साथ अन्याय हुआ है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था, बल्कि समाज की संवेदनहीनता को भी उजागर करती है, जहां एक महिला की इज्जत सरेआम लुटती रही और लोग तमाशा देखते रहे।
Writen By: Geeta Sharma