Karnataka MLC Election: कर्नाटक विधान परिषद की 7 सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। इस चुनाव में कुल आठ उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान के दौरान एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला, जब भाजपा से निष्कासित दो विधायकों ने कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में वोट दिया। इससे राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
भाजपा से निष्कासित विधायक ने कांग्रेस के पक्ष में किया मतदान
भाजपा से निष्कासित विधायक एस.टी. सोमशेखर और शिवराम हेब्बार ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया। मतदान के बाद दोनों विधायक मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ नजर आए। उनकी तस्वीरें सामने आने के बाद राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि इन दोनों विधायकों की क्रॉस-वोटिंग कांग्रेस को विधान परिषद में पांचवीं सीट जीतने में मदद कर सकती है।
डीके शिवकुमार के नेतृत्व में पहला बड़ा चुनाव
यह चुनाव कांग्रेस सरकार के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाल ही में कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन हुआ था और डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनके नेतृत्व में पहला बड़ा चुनाव है। ऐसे में कांग्रेस इस चुनाव में बेहतर प्रदर्शन कर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाना चाहती है।
उम्मीदवार को जीत के लिए कम से कम 28 वोटों की आवश्यकता
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार मतदान सुबह 9 बजे शुरू हुआ और शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम भी आज ही घोषित कर दिए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी उम्मीदवार को जीत के लिए कम से कम 28 वोटों की आवश्यकता है।
7वीं सीट को लेकर मुकाबला दिलचस्प
विधानसभा में संख्या बल के आधार पर कांग्रेस और भाजपा अपनी-अपनी सीटें आसानी से जीत सकती हैं। कांग्रेस के पास 134 विधायक हैं, जबकि भाजपा के पास 62 विधायक हैं। ऐसे में कांग्रेस 4 और भाजपा 2 सीटें जीतने की मजबूत स्थिति में है। लेकिन 7वीं सीट को लेकर मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है।
7वीं सीट के लिए कांग्रेस और जनता दल ने उम्मीदवार उतारे
7वीं सीट के लिए कांग्रेस और जनता दल (सेक्यूलर) दोनों ने उम्मीदवार उतारे हैं। किसी भी दल के पास अपने दम पर यह सीट जीतने के लिए पर्याप्त संख्या नहीं है। इसलिए कांग्रेस निर्दलीय विधायकों और भाजपा से निष्कासित सदस्यों के समर्थन के सहारे 5वीं सीट जीतने की कोशिश कर रही है।
Written By: Geeta Sharma