बिक्रम विधानसभा क्षेत्र के दतियाना स्थित प्राचीन विष्णु मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा नेताओं की पहल रंग लाई है। मंदिर से गत वर्ष अष्टधातु निर्मित भगवान विष्णु की बहुमूल्य प्रतिमा चोरी होने के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्याप्त थी। इसी मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अतुल कुमार एवं पटना जिला ग्रामीण भाजपा अध्यक्ष रजनीश कुमार ने पटना जिलाधिकारी से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

भाजपा नेताओं ने दतियाना विष्णु मंदिर की सुरक्षा को लेकर DM को सौंपा ज्ञापन

ज्ञापन के माध्यम से भाजपा नेताओं ने जिलाधिकारी को बताया कि दतियाना का यह प्राचीन मंदिर ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। पिछले वर्ष मंदिर परिसर से अष्टधातु से निर्मित भगवान विष्णु की दुर्लभ प्रतिमा चोरी हो गई थी। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों को लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में निराशा का माहौल था।

मंदिर की प्राचीन मूर्तियां आस्था का केंद्र के साथ सांस्कृतिक महत्ता है अधिक: अतुल कुमार

अतुल कुमार ने जिलाधिकारी को बताया कि उत्खनन के दौरान प्राप्त मंदिर की प्राचीन मूर्तियां न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र हैं, बल्कि उनकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता भी अत्यधिक है। इन मूर्तियों की अनुमानित बाजार कीमत करोड़ों रुपये में बताई जाती है। वर्तमान में मंदिर में स्थापित अन्य प्राचीन प्रतिमाओं की सुरक्षा भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण भविष्य में फिर से चोरी या असामाजिक तत्वों द्वारा धरोहर को नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका बनी हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने जारी किए आवश्यक आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया और अनुमंडल पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार पर तत्काल दो होमगार्ड जवानों की तैनाती करने तथा मंदिर की निगरानी के लिए CCTV कैमरे स्थापित करने का आदेश दिया। प्रशासनिक स्तर पर इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

भाजपा नेता अतुल कुमार ने जताया जिलाधिकारी का आभार

इस निर्णय पर संतोष व्यक्त करते हुए भाजपा नेता अतुल कुमार ने कहा कि दतियाना विष्णु मंदिर क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा उठाया गया यह कदम मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के फैसले का किया स्वागत

भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासन के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने बताया कि आगामी चरण में मंदिर परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था, चारदीवारी की मरम्मत तथा नियमित रात्रि गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि इस ऐतिहासिक धरोहर की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित हो सके।

 

Written By: Geeta Sharma