पंजाब में लगातार सामने आ रही धमकियों और विस्फोट की घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार को राज्य में एक बार फिर बम धमाके की धमकी मिलने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। जानकारी के अनुसार, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके अलावा पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ और भाजपा के पंजाब व दिल्ली स्थित मुख्यालयों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
केंद्रीय एजेंसियां ई-मेल की जांच में जुटी
पंजाब पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय एजेंसियां भी इस ई-मेल की जांच में जुट गई हैं। साइबर सेल को ई-मेल की लोकेशन और स्रोत का पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्यमंत्री आवास, भाजपा कार्यालयों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी खतरे को हल्के में नहीं लिया जा सकता और हर एंगल से जांच की जा रही है।
पंजाब के कई स्थानों पर विस्फोट की घटनाएं
गौरतलब है कि हाल ही में पंजाब में दो अलग-अलग स्थानों पर विस्फोट की घटनाएं सामने आई थीं। मंगलवार रात जालंधर में BSF पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर धमाका हुआ था। इसके कुछ घंटों बाद अमृतसर के खासा सैन्य क्षेत्र के पास भी विस्फोट की घटना हुई। हालांकि इन घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए। इन घटनाओं ने आम लोगों में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
रेलवे ट्रैक के पास हुआ था विस्फोट
इससे पहले 27 अप्रैल को पटियाला के शंभू इलाके में रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी के पास विस्फोट हुआ था। इस मामले में पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक यह मॉड्यूल खालिस्तान समर्थक गतिविधियों से जुड़ा हुआ बताया गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने पंजाब में सुरक्षा को लेकर बहस तेज कर दी है।
राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवाल
विपक्षी दलों ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा है। वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल के विस्फोटों को मामूली बताते हुए भाजपा पर राज्य में डर और अस्थिरता का माहौल बनाने का आरोप लगाया था। फिलहाल पुलिस हर संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरत रही है और राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
Written By: Geeta Sharma