Election Rallies in Bengal : बंगाल चुनाव 2026 से पहले भाजपा ने अपने चुनाव प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में अमित शाह 11 अप्रैल शनिवार को राज्य के कई अहम विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
बंगाल में तीन-तीन रैलियों में दहाड़ेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी शनिवार को एक बार फिर पश्चिम बंगाल के चुनावी दौरे पर है। जहां वह बर्दमान, मुर्शिदाबाद और दिनाजपुर में तीन बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। साथ ही पूर्व बर्धमान के कटवा, मुर्शिदाबाद के जंगीपुर और दक्षिण दिनाजपुर के कुशमंडी में रैलियां करेंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य मध्य और उत्तर बंगाल में भाजपा के लिए समर्थन को मजबूत करने और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को कड़ी चुनौती देने की कोशिश की जा रही है।
गृह मंत्री अमित शाह की बंगाल में 3-3 रैलियां
अमित शाह शनिवार को बंगाल में तीन रैलियां करेंगे। जानकारी के अनुसार अमित शाह बांकुड़ा जिले के ओंदा विधानसभा क्षेत्र के छातना स्थित रामसागर आंचल मैदान में पहली जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह छातना विधानसभा क्षेत्र के एथानी झांटिपहाड़ी में दूसरी रैली करेंगे। इसके साथ पुरुलिया जिले में तीसरी जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं इन सभाओं में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की संभावना है।
सीएम ममता 4 चुनावी रैलियों को करेंगी संबोधित
सीएम ममता बनर्जी शनिवार को 4 चुनावी रैलियों को संबोधित करने वाली हैं। इस रैली के माध्यम से वह जनता के सामने अपनी सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और भविष्य की रणनीतियों को प्रस्तुत करेंगी। चुनावी माहौल के बीच यह सभा मतदाताओं को प्रभावित करने और समर्थन जुटाने का एक बड़ा मंच बनेगी। उनके भाषण में सामाजिक कल्याण, आर्थिक प्रगति और क्षेत्रीय मुद्दों पर विशेष जोर रहने की संभावना है, जिससे चुनाव पर असर पड़ सकता है।
कब है पश्चिम बंगाल में चुनाव?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 दो चरणों में संपन्न होगा। 23 और 29 अप्रैल को यहां वोट डाले जाएंगे, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होगी। बता दें कि 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई 2026 को समाप्त होना है।
बंगाल चुनाव के लिए भाजपा का 'संकल्प पत्र'
बता दें, इससे पहले शुक्रवार को अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र 'संकल्प पत्र' जारी किया था। इस घोषणा पत्र में सत्ता में आने के 6 महीने के भीतर UCC लागू करने और 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने का वादा किया गया है।
Written by Geeta Sharma