सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार का पहला बड़ा कैबिनेट विस्तार आज गुरुवार, 7 मई 2026 को होने जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह पटना के गांधी मैदान में दोपहर 12:10 बजे आयोजित किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, करीब 30 मंत्री शपथ ले सकते हैं।

बीजेपी कोटे से संभावित मंत्री

भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिन नेताओं के नाम चर्चा में हैं, उनमें विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, रामकृपाल यादव, श्रेयसी सिंह, लखेंद्र पासवान, रमा निषाद, प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, अरुण शंकर प्रसाद और संजय सिंह टाइगर शामिल बताए जा रहे हैं। इनमें से कई नेता पहले भी मंत्री रह चुके हैं।

बीजेपी के नए चेहरे

भाजपा इस बार कुछ नए चेहरों को भी मौका दे सकती है। संभावित नामों में केदार गुप्ता, नीतीश मिश्रा, मिथिलेश तिवारी, इंजीनियर शैलेंद्र और श्वेता गुप्ता के नाम सामने आए हैं।

जेडीयू कोटे से संभावित मंत्री

नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू की ओर से श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, जमा खां और सुनील कुमार के मंत्री बनने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा पार्टी कुछ नए चेहरों को भी शामिल कर सकती है, जिनमें रत्नेश सदा, बुलो मंडल, भगवान सिंह कुशवाहा और दामोदर रावत के नाम चर्चा में हैं।

सहयोगी दलों से संभावित मंत्री

जीतन राम मांझी की पार्टी HAM से संतोष सुमन को मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं चिराग पासवान की पार्टी से संजय सिंह और संजय पासवान के नाम सामने आए हैं। इसके अलावा उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLM की ओर से दीपक प्रकाश को मंत्री पद मिल सकता है।

बिहार कैबिनेट में कितने हो सकते हैं मंत्री?

संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार बिहार में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं। फिलहाल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ दो उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और विजेंद्र यादव पहले से पद पर हैं। आज लगभग 30 मंत्रियों के शपथ लेने के बाद कुल संख्या 33 तक पहुंच सकती है, जबकि तीन पद बाद के लिए खाली रखे जा सकते हैं।

Written By Toshi Shah