अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर बड़ा ऐलान किया है, उन्होंने बताया कि रूस और यूक्रेन के बीच 9 मई से 11 मई तक तीन दिनों का युद्धविराम लागू रहेगा। ट्रंप के अनुसार, दोनों देशों ने अस्थायी सीजफायर पर सहमति जताई है, जिसके दौरान सभी सैन्य गतिविधियों को रोका जाएगा।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर रूस को लेकर कही ये बात
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह समय रूस में विक्ट्री डे समारोह का है, साथ ही उन्होंने उल्लेख किया कि यूक्रेन भी द्वितीय विश्व युद्ध के इतिहास से गहराई से जुड़ा रहा है, इसलिए यह अवधि दोनों देशों के लिए विशेष महत्व रखती है।
रूस और यूक्रेन के बीच अदला-बदली की गई युद्धबंदिया
ट्रंप ने यह भी बताया कि युद्धविराम के दौरान रूस और यूक्रेन के बीच 1,000 युद्धबंदियों की अदला-बदली की जाएगी। ट्रंप ने कहा कि यह पहल मानवीय दृष्टिकोण से बेहद अहम है और इससे दोनों देशों के बीच तनाव कम करने में मदद मिल सकती है।
ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के राष्ट्रपति को जताया आभार
अपने बयान में ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) का आभार जताया, उन्होंने कहा कि यह पहल उनके अनुरोध पर संभव हो सकी और उन्हें उम्मीद है कि यह कदम लंबे समय से जारी संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण शुरुआत साबित होगा।
द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यह सबसे बड़े और खतरनाक संघर्षों में से एक
ट्रंप ने आगे कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यह दुनिया के सबसे बड़े और खतरनाक संघर्षों में से एक माना जा रहा है, उन्होंने विश्वास जताया कि लगातार हो रही बातचीत और कूटनीतिक प्रयास आने वाले समय में स्थायी शांति का रास्ता खोल सकते हैं।
Written By Toshi Shah