कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का पहला रिएक्शन सामने आया है। संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए भारतीय लोकतंत्र की मजबूती पर जोर दिया। नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र इतना सशक्त है कि वह हर तरह की आवाज और विचारों को अपने भीतर समाहित करने की क्षमता रखता है।
'नए राजनीतिक संगठनों का सामने आना कोई असामान्य बात नहीं'
आंबेकर ने कहा कि भारत में लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित होती हैं। देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव होते हैं। सोशल मीडिया सहित मीडिया के विभिन्न मंच लोगों को अपने विचार रखने की पूरी स्वतंत्रता प्रदान करते हैं। उनके अनुसार लोकतंत्र में नए विचारों,संगठनों या राजनीतिक पहलों का सामने आना कोई असामान्य बात नहीं है,बल्कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था का स्वाभाविक हिस्सा है।
'देश की कोई भी लोकतांत्रिक संस्था कमजोर नहीं'
उन्होंने कहा कि किसी भी नए राजनीतिक या सामाजिक विचार को आश्चर्य के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। लोकतंत्र का मूल उद्देश्य ही विभिन्न मतों और विचारों को स्थान देना है। आंबेकर ने विश्वास जताया कि भारतीय मीडिया, राजनीतिक दल और अन्य संस्थाएं इतनी मजबूत हैं कि वे ऐसे मुद्दों को प्रभावी ढंग से संभाल सकती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की कोई भी लोकतांत्रिक संस्था कमजोर नहीं है।
'जेन-Z पीढ़ी भविष्य को लेकर बेहद आशावादी हैं'
आरएसएस नेता ने विशेष रूप से भारत के युवाओं, खासकर जेन-Z पीढ़ी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 1997 से 2012 के बीच जन्मे युवा देश के भविष्य को लेकर बेहद आशावादी हैं और उन्हें भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा संवैधानिक ढांचे पर पूरा भरोसा है। उनके अनुसार युवा वर्ग लोकतांत्रिक तरीकों से अपनी बात रखने और समस्याओं का समाधान खोजने में विश्वास करता है।
पाकिस्तान के साथ संवाद के मुद्दे पर क्या बोले आंबेकर
इस दौरान पाकिस्तान के साथ संवाद के मुद्दे पर भी आंबेकर ने संघ का दृष्टिकोण स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि आरएसएस हमेशा से मानता रहा है कि लोगों के बीच बातचीत से कई समस्याओं का समाधान निकल सकता है। हालांकि सरकार स्तर पर होने वाली वार्ता राजनीतिक और कूटनीतिक निर्णयों पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के नागरिकों के बीच संवाद और व्यापारिक संबंध बने रहने चाहिए, क्योंकि इससे आपसी समझ बढ़ती है और लंबे समय में कई समस्याओं के समाधान का रास्ता खुल सकता है।
कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर RSS की प्रतिक्रिया
कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर RSS की प्रतिक्रिया लोकतांत्रिक मूल्यों, संस्थाओं की मजबूती और युवाओं के प्रति विश्वास को दर्शाती है। संघ का मानना है कि भारत का लोकतंत्र हर प्रकार की अभिव्यक्ति को समायोजित करने में सक्षम है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
Written By: Geeta Sharma