Roshan Anand Bail:  पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान में हुए विवाद और हंगामे के मामले में बेउर जेल में बंद ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद को पटना सिविल कोर्ट से जमानत मिल गई है। यह राहत उन्हें ऐसे समय में मिली है जब उनके छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आई है, जिससे पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

रौशन आनंद को मिला जमानत

गौरतलब है कि 2 जून को खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में हुए हमले और बवाल के मामले में रौशन आनंद, उनके भाई प्रिंस यादव तथा कई अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 जून को रौशन आनंद और उनके 2 सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। लगभग 12 दिनों तक जेल में रहने के बाद अब उन्हें अदालत से जमानत मिल गई है।

प्रिंस यादव के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए

दूसरी ओर, इस मामले से जुड़ी एक और महत्वपूर्ण घटना रविवार को सामने आई, जब नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में प्रिंस यादव मृत पाए गए। स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए 5 लोगों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार प्रिंस यादव के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं। साथ ही होटल के कमरे से मिर्गी की दवाइयां भी बरामद हुई हैं, जिससे उनकी मौत को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।

अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे रौशन आनंद

प्रिंस यादव का अंतिम संस्कार सोमवार को बिहार के सहरसा में किया जाएगा। बताया जा रहा है कि जमानत मिलने के बाद रौशन आनंद भी अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं।

प्रिंस यादव की मौत पर राजनीतिक बयानबाजी शुरू

वहीं अब प्रिंस यादव की मौत को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। राजद के नेता तेज प्रताप यादव ने इस घटना को हत्या करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, खान सर ने एक बयान जारी कर प्रिंस यादव की मौत पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रिंस पहले से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और उनकी मौत को लेकर बिना जांच के किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए। खान सर ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी ने प्रिंस के साथ मारपीट नहीं की थी।

Written By: Geeta Sharma