Rishabh Pant: भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैच की सीरीज के दूसरे मुकाबले की पहली पारी में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने रनों के मामले में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया है। कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब(SSC) पर दोनों टीमों के बीच भिड़ंत हो रही है।

इस मैच की पहली पारी के पहले दिन पंत 3 रन पर चोटिल हो गए। इसके बाद उनको उपचार के लिए बाहर जाना पड़ा। हालांकि, दूसरे दिन सारांश जैन के आउट होने के बाद पंत ने क्रीज पर वापसी की और रनों के मामले में पूर्व भारतीय कप्तान को पछाड़ दिया।

महेंद्र सिंह धोनी से आगे निकले पंत

ऋषभ पंत ने मैच के दूसरे दिन यह कीर्तिमान अपने नाम पर स्थापित किया। दरअसल, विदेशी या तटस्थ (neutral) मैचों में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। पंत से पहले ये रिकॉर्ड भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम दर्ज था, जिन्होंने 2,496 रन बनाए थे।

वहीं, पंत 41.68 की प्रभावशाली औसत से 2,501 (खबर लिखे जाने तक) रन बना चुके हैं। बता दें कि, पंत का लाल गेंद के खेल में हालिया फॉर्म कमाल का रहा है। वहीं, लिस्ट में तीसरे स्थान पर फारुख इंजीनियर हैं, जिन्होंने 1209 रन विदेश तटस्थ (neutral) मैचों बनाए हैं।

ये भी पढ़ें- इमरान खान के समर्थन में उतरे पूर्व कप्तान, कपिल-गावस्कर समेत 22 कप्तानों ने लिखी प्रधानमंत्री को चिट्टी, करी ये तीन मांगे

लिस्ट में ये खिलाड़ी भी शामिल

भारत के लिए विदेश या तटस्थ (neutral) मैचों में सर्वाधिक रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे स्थान पर सैयद किरमानी मौजूद हैं। उनके बल्ले से 1109 रन निकले हैं। वहीं, पांचवें स्थान पर किरण मोरे मौजूद हैं।

उन्होंने भारत के लिए खेलते हुए विदेश या तटस्थ (neutral) मैचों में 901 रन बनाए हैं। बता दें कि, मौजूदा विकेटकीपर बल्लेबाजों में पंत के आस-पास भी कोई खिलाड़ी नहीं और वह भविष्य में अपनी रनों की संख्या में और बढ़ाया कर सकते हैं।

पहले दिन हो गए थे चोटिल

मुकाबले के पहले दिन विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोटिल हो गए थे। यह घटना तीसरे सत्र में घटी थी, जब श्रीलंकाई तेज गेंदबाज लिहारू कुमारा की 133 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार वाली गेंद उनके बाईं बांह पर लग गई थी। पंत इस बॉल पर स्क्वायर कट खेलना चाहते थे, लेकिन इससे चूक गए और वह बाए हाथ पर जाकर लगी।

गेंद लगने के बाद पंत काफी दर्द में थे और तुरंत फिजियोथेरेपिस्ट को बुलाया गया, लेकिन 15 मिनट उपचार के बाद भी वह ठीक नहीं हुए थे उनको मैदान के बाहर भेज दिया गया। इस समय पंत 15 गेंदों पर 3 रन बनाकर खेल रहे थे।

ये भी पढ़ें- डेब्यू की पहली पारी में फ्लॉप हुए सारांश जैन, दहाई का आंकड़ा भी नहीं हुआ पार, कामिल मिशारा ने पकड़ा अद्भुत कैच