Rinku Singh: भारतीय टीम के मध्यक्रम बल्लेबाज रिंकू सिंह इस समय यूपीटी20 लीग में मेरठ मावेरिक्स के लिए खेल रहे हैं। वह इस टीम के कप्तान हैं और उनकी कप्तानी में टीम का प्रदर्शन बेहद धमाकेदार रहा है। टूर्नामेंट के 16वें मैच में मेरठ मावेरिक्स का सामना गोरखपुर लायंस से हुआ था।
बारिश से प्रभावित मुकाबले में गोरखपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 91 रन बनाए थे। इसके जवाब में मेरठ की टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 6.4 ओवर में लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। मेरठ की जीत में कप्तान रिंकू सिंह का काफी अहम योगदान रहा, क्योंकि उनके बल्ले से 414.29 के दमदार स्ट्राइक रेट से आतिशी पारी देखने को मिली थी।
7 गेंदों में ठोक दिए 29 रन
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स को अक्षय दुबे और स्वास्तिक चिकारा ने बेहतरीन शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की, लेकिन अचानक अक्षर को रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान के बाहर जाना पड़ा।
उन्होंने 9 गेंदों पर 13 रन बनाए थे। इसके बाद नंबर तीन पर कप्तान रिंकू सिंह बैटिंग के लिए आए और आते ही चौके-छक्कों की बारिश करना शुरू कर दिया। रिंकू ने मैच में केवल 7 गेंदों पर 29 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 414.29 का था। जबकि उनकी इस पारी में 2 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के शामिल थे।
विशाल निषाद की लगाई क्लास
गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने पारी का छठा ओवर डालने के लिए विशाल निषाद को गेंद थमाई थी, लेकिन इस ओवर में उनको रिंकू ने रिमांड पर ले लिया। रिंकू ने विशाल के ओवर की शुरुआत गगनचुंबी छक्के के साथ की। इसके बाद दूसरे ओवर में चौका हासिल किया तो तीसरे गेंद को फिर दर्शकों के पास भेज दी।
अब तक शुरुआती तीन गेंदों पर रिंकू 16 रन बटौर चुके थे। इसके बाद चौथी गेंद पर रिंकू ने फिर एक बेहतरीन छक्का लगाया तो पांचवीं पर चौका जड़ दिया। इसके बाद छठी गेंद पर रिंकू ने दो रन दौड़े और विशाल निषाद के ओवर में 28 रन बटौर लिए।
6.4 ओवर में जीता मैच
मेरठ बनाम गोरखपुर के बीच हुआ मैच बारिश से प्रभावित रहा, जिसके बाद ओवर में कटौती करके 8-8 ओवर का कर दिया गया। आर्यन जुयाल की कप्तानी वाली गोरखपुर लायंस ने पहले बैटिंग करते हुए 8 ओवर में 91 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए थे। मैच में गोरखपुर की ओर से अभय प्रताप सिंह ने सर्वाधिक 33 रन बनाए।
अभय के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। 92 रन का पीछा करने उतरी मेरठ को स्वास्तिक चिकारा ने दमदार शुरुआत दी और कप्तान रिंकू सिंह ने बेहतरीन फिनिशिंग टच दिया। चिकारा के बल्ले से मैच में 24 गेंदों पर नाबाद 44 रन निकले। इस दौरान उनकी पारी में 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे।
ये भी पढ़ें- अपने खास सेलिब्रेशन से ध्रुव जुरेल ने जीता सबका दिल, ’जय जवान जय किसान’ टैटू के पीछे की बताई सच्चाई