राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर प्रतिबंध लगाने संबंधी दिए गए बयान को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवारी (Ghanshyam Tiwari) ने कांग्रेस और अशोक गहलोत पर तीखा हमला बोला।

घनश्याम तिवाड़ी ने गहलोत पर लगाया आरोप

घनश्याम तिवारी ने आरोप लगाया कि गहलोत ने यह टिप्पणी मुस्लिम समुदाय और उससे जुड़े संगठनों के बीच राजनीतिक लाभ हासिल करने के उद्देश्य से की है, उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास लंबे समय से मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति से जुड़ा रहा है और इसी वजह से ऐसे बयान दिए जा रहे हैं।

कांग्रेस सत्ता से दूर होने की बेचैनी में ऐसे मुद्दे उठा रही- भाजपा सांसद

भाजपा सांसद ने कहा कि भाजपा पर प्रतिबंध लगाने की बात नई नहीं है। उनके अनुसार, अतीत में भी ऐसे प्रयास किए गए, लेकिन वे सफल नहीं हो सके, उन्होंने दावा किया कि 1948 और 1975 के दौरान लगाए गए प्रतिबंधों से भी वैचारिक संगठनों की स्वीकार्यता कम नहीं हुई। तिवाड़ी ने कहा कि आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष की ओर बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस सत्ता से दूर होने की बेचैनी में ऐसे मुद्दे उठा रही है।

तिवारी ने कांग्रेस के ऐतिहासिक राजनीतिक फैसलों का किया उल्लेख

कांग्रेस के ऐतिहासिक राजनीतिक फैसलों का उल्लेख करते हुए तिवारी ने कहा कि पार्टी ने विभिन्न अवसरों पर मुस्लिम लीग के साथ राजनीतिक समझौते किए, उन्होंने लखनऊ पैक्ट और खिलाफत आंदोलन का जिक्र करते हुए कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने केरल में कांग्रेस और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के गठबंधन को भी निशाने पर लिया।

हिंदुत्व की राजनीति पर तिवारी ने रखी अपनी राय

हिंदुत्व की राजनीति पर अपनी राय रखते हुए तिवारी ने कहा कि यह विचारधारा समाज में विभाजन नहीं बल्कि एकता को बढ़ावा देती है। उन्होंने कांग्रेस पर दो-राष्ट्र सिद्धांत को स्वीकार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश के विभाजन के लिए उसकी नीतियां जिम्मेदार थीं।

अशोक गहलोत के बयान पर भाजपा सांसद ने जताई आपत्ति

अशोक गहलोत के बयान पर आपत्ति जताते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि हिंदुत्व समर्थक दल पर प्रतिबंध लगाने की मांग हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करने वाली है। उन्होंने गहलोत से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। साथ ही कांग्रेस की तुलना मुस्लिम लीग की राजनीति से करते हुए उस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया।

 

 

 

Written By Toshi Shah