Ram Mandir Donation Scam: अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला लगातार राजनीतिक  चर्चा का केंद्र बना हुआ है। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर लगातार हमलावर है। चूंकि राम मंदिर बीजेपी की हिंदुत्व राजनीति का सबसे अहम प्रतीक रहा है, इसलिए यह मामला राजनीतिक रूप से भी बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष इसे बड़ा चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहा है, जबकि बीजेपी और उससे जुड़े संगठन इस विवाद से होने वाले राजनीतिक नुकसान को सीमित करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।

दत्तात्रेय होसबाले का बयान, जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग

RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इस मामले पर जारी अपने बयान में कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का केंद्र है। ऐसे में दानपात्रों से धनराशि चोरी की घटना पूरे हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करने वाली है। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) और शुरू की गई कानूनी कार्रवाई का स्वागत किया।

जांच पूरी निष्पक्षता से होनी चाहिए: दत्तात्रेय होसबाले

होसबाले ने यह भी कहा कि जांच पूरी निष्पक्षता से होनी चाहिए और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने ट्रस्ट के संचालन और वित्तीय प्रबंधन को और अधिक पारदर्शी बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हिंदू समाज से संयम की अपील

अपने बयान में RSS ने पूरे हिंदू समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की। होसबाले ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर कुछ हिंदू विरोधी और राष्ट्र विरोधी ताकतें समाज में भ्रम फैलाने तथा धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने की कोशिश कर सकती हैं। उन्होंने लोगों से ऐसी किसी भी कोशिश को विफल करने और जांच प्रक्रिया पर भरोसा बनाए रखने का आग्रह किया।

विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की रणनीति

इस मामले में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) पहले से ही सक्रिय नजर आ रही है। विहिप अध्यक्ष आलोक कुमार लगातार मीडिया के सामने आकर इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते रहे हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने के साथ-साथ राम मंदिर आंदोलन से जुड़े पुराने राजनीतिक मुद्दों का भी उल्लेख किया और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की कोशिश की। अब RSS के शीर्ष नेतृत्व के बयान के सामने आने के बाद यह संकेत मिल रहा है कि संघ परिवार इस पूरे विवाद पर संगठित तरीके से अपनी रणनीति पर काम कर रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उद्देश्य एक ओर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का समर्थन करना है, वहीं दूसरी ओर इस मुद्दे का राजनीतिक असर सीमित रखना भी है।

चुनावी राजनीति में बढ़ी संवेदनशीलता

विपक्ष का आरोप है कि चढ़ावे की कथित चोरी का मामला राम मंदिर ट्रस्ट और उससे जुड़े प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं बीजेपी समर्थक पक्ष का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले राजनीतिक निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण यह विवाद राजनीतिक रूप से और अधिक संवेदनशील हो गया है।

दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने का संघ दे रहा संदेश 

बीजेपी के लिए चुनौती यह है कि राम मंदिर उसकी सबसे बड़ी वैचारिक और राजनीतिक उपलब्धियों में शामिल रहा है। ऐसे में इस मुद्दे से जुड़ी किसी भी नकारात्मक खबर का असर उसके राजनीतिक संदेश पर पड़ सकता है। इसी वजह से संघ और विहिप दोनों लगातार यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन पूरे प्रकरण को किसी राजनीतिक एजेंडे का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।

संघ ने जानकारी जुटाने के बाद जारी किया बयान

सूत्रों के अनुसार, आरएसएस ने इस मामले पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया देने से पहले पूरी जानकारी जुटाने का इंतजार किया। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित एसआईटी की शुरुआती रिपोर्ट और संगठन के अपने स्तर पर प्राप्त सूचनाओं के अध्ययन के बाद ही संघ ने आधिकारिक बयान जारी करने का निर्णय लिया।

इस घटना से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं हुई हैं प्रभावित 

संघ के भीतर यह माना जा रहा है कि इस घटना से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं प्रभावित हुई हैं और ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए थी। इसी कारण अब आरएसएस और विहिप के वरिष्ठ पदाधिकारी सार्वजनिक रूप से सामने आकर पारदर्शी जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और समाज में संयम बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

Written By: Geeta Sharma