अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए पहली बार सचिव का पद सृजित किया है। इस पद पर जगदीश आफले की नियुक्ति की गई है। उन्हें ट्रस्ट की ओर से भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता (Authorized Signatory) भी बनाया गया है। उनकी नियुक्ति पर अंतिम मुहर ट्रस्ट की अगली बैठक में लगाई जाएगी।
कौन हैं जगदीश आफले?
जगदीश आफले महाराष्ट्र के पुणे के रहने वाले हैं और बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े रहे हैं। पेशे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियर आफले ने आईआईटी मुंबई से बीटेक और एमटेक की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने यूरोप और अमेरिका की कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों में काम किया। सेवानिवृत्ति के बाद वह भारत लौटे और राम मंदिर निर्माण शुरू होने पर बिना वेतन परियोजना प्रबंधक (Project Manager) के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
CEO की नियुक्ति से पहले मिला सचिव
ट्रस्ट ने पहले ही सीईओ, सचिव और प्रवक्ता के पद सृजित करने का फैसला किया था। सीईओ के पद के लिए करीब 5,200 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनकी स्क्रीनिंग सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली की अध्यक्षता वाली समिति कर रही है। प्रक्रिया में समय लगने के कारण फिलहाल सचिव पद पर नियुक्ति की गई है।
SBI में बने अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता
पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद ट्रस्ट के बैंक खातों के संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। अब ट्रस्ट ने नया प्रस्ताव पारित कर जगदीश आफले को SBI में अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता नियुक्त किया है। इसके बाद बैंक खातों के संचालन की प्रक्रिया फिर से सुचारु हो गई है।
वेतन और भुगतान पर पड़ा था असर
अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता को लेकर बनी स्थिति का असर ट्रस्ट के वित्तीय कार्यों पर भी पड़ा था। बताया गया कि करीब 1,000 कर्मचारियों के वेतन और विभिन्न आउटसोर्सिंग एजेंसियों के भुगतान में देरी हुई थी। अब नए प्रस्ताव के बाद इस प्रक्रिया के सामान्य होने की उम्मीद है।
जल्द होगी प्रवक्ता की भी नियुक्ति
ट्रस्ट सूत्रों के अनुसार, सचिव के बाद अब प्रवक्ता की नियुक्ति की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। कई नामों पर चर्चा चल रही है और जल्द ही आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
और पढे़ं:
Written by Shailesh Yadav