लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अब 15 जुलाई को एक दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचेंगे। पहले उनका कार्यक्रम 11 जुलाई के लिए प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसमें बदलाव किया गया। दौरे के दौरान वे मुसल्लहपुर हाट में पदयात्रा करेंगे और छात्रों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
छात्र सम्मेलन को संबोधित करेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी पटना में आयोजित छात्र सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम देशभर में परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों, विशेषकर NEET पेपर लीक और अन्य भर्ती व परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में चलाए जा रहे "छात्रों की गूंज" अभियान का हिस्सा है। कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से छात्रों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाने की कोशिश कर रही है।
युवाओं के मुद्दों को केंद्र में रखने की रणनीति
कांग्रेस का उद्देश्य इस सम्मेलन और पदयात्रा के जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, छात्र संगठनों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाना है। पार्टी पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और रोजगार जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह पहल युवाओं के बीच पार्टी की सक्रिय मौजूदगी मजबूत करने की दिशा में भी अहम कदम है।
क्यों खास है मुसल्लहपुर हाट?
पटना का मुसल्लहपुर हाट बिहार के सबसे बड़े कोचिंग केंद्रों में गिना जाता है। यहां बड़ी संख्या में छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए देश के अलग-अलग राज्यों से आते हैं। इलाके में कई प्रमुख कोचिंग संस्थान संचालित होते हैं, इसलिए शिक्षा और छात्र राजनीति से जुड़े आयोजनों के लिए यह क्षेत्र महत्वपूर्ण माना जाता है। बिहार कांग्रेस राहुल गांधी के इस दौरे को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियों में जुटी हुई है। पिछले विधानसभा चुनाव के बाद यह उनका पहला बिहार दौरा होगा, जिस पर राजनीतिक नजरें भी टिकी हैं।
हाल ही में फायरिंग की घटना से भी चर्चा में रहा इलाका
मुसल्लहपुर थाना क्षेत्र हाल के दिनों में एक फायरिंग की घटना के कारण भी सुर्खियों में रहा। 2 जून की रात चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कैंपस के समीप गोलीबारी हुई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मामले की जांच कर रही है पुलिस
घटना ऐसे इलाके में हुई, जहां प्रतिदिन हजारों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पहुंचते हैं। गोलीबारी की खबर फैलते ही आसपास कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Written By Toshi Shah