राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) का जन्मदिन बीते दिन यानी 11 जून 2026 को मनाया गया। इस अवसर पर देर शाम राबड़ी आवास में एक सादगीपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें परिवार के सदस्यों के अलावा पार्टी से जुड़े कई नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। समारोह के दौरान भोजपुरी कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।

गायक छोटू छलिया ने प्रस्तुति किए गाना

कार्यक्रम में भोजपुरी गायक छोटू छलिया (Chhotu Chhaliya) मंच पर प्रस्तुति दे रहे थे। गीत गाते हुए वे राबड़ी देवी (Rabri Devi) के पास पहुंचे और उनके पोते इराज का जिक्र करते हुए गाना सुनाने लगे। इसी दौरान राबड़ी देवी ने अपने हाथ में पहना हुआ हीरे जड़ा कंगन उतारकर उन्हें उपहार स्वरूप दे दिया।

छोटू छलिया ने राबड़ी को लेकर कही ये बात

मीडिया से बातचीत करते हुए छोटू छलिया ने कहा कि राबड़ी देवी उन्हें बेटे जैसा स्नेह देती हैं। उनके अनुसार, उन्हें पहले भी कई अवसरों पर सोने की चेन और अंगूठी जैसे उपहार मिल चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस बार जन्मदिन समारोह में प्रस्तुति देने पहुंचे तो उन्हें हीरे का कंगन भेंट किया गया, हालांकि उसकी कीमत के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

परिवार जैसा अपनापन जैसा स्नेह मिलता है- गायक

गायक ने यह भी कहा कि लोग अक्सर उनसे पूछते हैं कि वे अन्य जगहों की तुलना में राबड़ी देवी के कार्यक्रमों में अधिक क्यों दिखाई देते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि इसका कारण परिवार जैसा अपनापन और स्नेह है। उन्होंने कंगन दिखाते हुए कहा कि यही प्यार उन्हें यहां बार-बार आने के लिए प्रेरित करता है। साथ ही उन्होंने स्वीकार किया कि भोजपुरी संगीत जगत में उनसे कहीं अधिक प्रतिभाशाली गायक मौजूद हैं।

तेजस्वी यादव यादव नहीं रहें कार्यक्रम में मौजूद

इस आयोजन में चर्चित गीतकार RR Pankaj भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक लौंडा नाच की प्रस्तुति भी हुई। वहीं, तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) इस समारोह में शामिल नहीं हो सके, क्योंकि वे उसी शाम कोलकाता (Kolkata) के लिए रवाना हो गए थे। इसलिए उनकी मौजूदगी कार्यक्रम में नहीं रही।

 

 

Written By Toshi Shah