क्या इंसान की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को रोका जा सकता है? यह सवाल विज्ञान की दुनिया में लंबे समय से मौजूद है, लेकिन हाल के वर्षों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बायोटेक्नोलॉजी की प्रगति ने इसे फिर चर्चा में ला दिया है। इसकी वजह बना है Sam Altman द्वारा समर्थित स्टार्टअप Retro Biosciences, जो इंसानी कोशिकाओं की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने पर काम कर रहा है।

ऑल्टमैन ने 180 मिलियन डॉलर का किया निवेश

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऑल्टमैन ने इस स्टार्टअप में पहले करीब 180 मिलियन डॉलर का मकिया था और बाद में भी इसमें अतिरिक्त फंडिंग की गई। नए निवेश दौर के बाद कंपनी की वैल्यूएशन अरबों डॉलर तक पहुंचने की बात कही जा रही है।

पार्शियल सेलुलर रिप्रोग्रामिंग नाम की तकनीक

रेट्रो बायोसाइंस पारंपरिक टेक कंपनियों की तरह कोई ऐप या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म विकसित नहीं कर रहा। इसका फोकस “पार्शियल सेलुलर रिप्रोग्रामिंग” नाम की तकनीक पर है। इस तकनीक का उद्देश्य उम्रदराज कोशिकाओं को दोबारा युवा अवस्था जैसी कार्यक्षमता देना है। वैज्ञानिकों का मानना है कि यदि कोशिकाओं की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को नियंत्रित किया जा सके, तो बढ़ती उम्र से जुड़ी बीमारियों, जैसे हृदय रोग, न्यूरोडीजेनेरेटिव समस्याएं और कुछ प्रकार के कैंसर के खतरे को कम किया जा सकता है।

रिसर्च में एआई की भी बड़ी भूमिका

इस रिसर्च में एआई की भी बड़ी भूमिका है। OpenAI ने हाल ही में GPT-4b micro नाम का एक विशेष एआई मॉडल विकसित करने की जानकारी दी थी, जिसे रेट्रो बायोसाइंस के वैज्ञानिक प्रयोगों में इस्तेमाल किया जा रहा है। यह मॉडल उन प्रोटीन्स के नए डिजाइन तैयार करने में मदद करता है, जो सेलुलर रिप्रोग्रामिंग की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण होते हैं। शोधकर्ताओं का दावा है कि एआई की मदद से रिसर्च की गति बढ़ी है और ऐसे संभावित प्रोटीन संयोजन मिले हैं, जिन्हें पारंपरिक तरीकों से ढूंढना मुश्किल था।

Jeff Bezos ने भी Altos Labs में किया निवेश

लॉन्जेविटी यानी लंबी और स्वस्थ उम्र से जुड़ा विज्ञान अब कई बड़े टेक निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। Jeff Bezos ने भी Altos Labs में निवेश किया है, जबकि Peter Thiel वर्षों से एंटी-एजिंग रिसर्च को समर्थन देते रहे हैं। हालांकि, वैज्ञानिक यह भी स्पष्ट करते हैं कि “बुढ़ापा रोकने” जैसी अवधारणा अभी शुरुआती शोध चरण में है। फिलहाल इन तकनीकों का उद्देश्य इंसान को अमर बनाना नहीं, बल्कि उम्र बढ़ने से जुड़ी बीमारियों को देर से आने देना और लोगों को लंबे समय तक स्वस्थ बनाए रखना है।

Written By Toshi Shah