पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार को पुनर्मतदान शुरू हो गया। सुबह से ही मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे और शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग जारी है। इससे पहले 29 अप्रैल को दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के दौरान कई बूथों पर गड़बड़ी और ईवीएम से छेड़छाड़ की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद चुनाव आयोग ने यहां दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया।

TMC के उम्मीदवार ने चुनाव से हटने की घोषणा की

पुनर्मतदान से ठीक 48 घंटे पहले राजनीतिक माहौल उस समय बदल गया, जब तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव मैदान से हटने की घोषणा कर दी, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा फलता क्षेत्र के लिए विशेष पैकेज की घोषणा के बाद उन्होंने यह फैसला लिया। हालांकि नामांकन वापसी की समयसीमा समाप्त हो चुकी थी, इसलिए चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार ईवीएम में उनका नाम बना रहेगा।

जहांगीर खान तृणमूल कांग्रेस चेहरों में से एक

जहांगीर खान तृणमूल कांग्रेस के चर्चित चेहरों में गिने जाते थे। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने फिल्म पुष्पा के किरदार से प्रेरित अंदाज अपनाकर खुद को एक मजबूत और दबाव में न झुकने वाले नेता के रूप में पेश करने की कोशिश की थी।

29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान हुए थे विवाद

गौरतलब है कि 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम में इत्र, स्याही और चिपकने वाली टेप के इस्तेमाल के आरोप लगे थे। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए चुनाव आयोग ने जांच के बाद पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया।

 

 

Written By Toshi Shah