पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हावड़ा जिले के शिवपुर इलाके से सामने आया है, जहां भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हुई कथित झड़प ने पूरे इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। शिवपुर के चौराबस्ती क्षेत्र में बुधवार रात हुई इस हिंसक घटना में बमबाजी, ईंटबाजी और फायरिंग की खबरों से स्थानीय लोग दहशत में आ गए। घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) को इलाके में तैनात किया गया है।
चश्मदीदों ने बताया घटना का सच
चश्मदीदों के अनुसार, बुधवार रात भाजपा कार्यकर्ता इलाके में स्थानीय लोगों के साथ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार कुछ बदमाश वहां पहुंचे और कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाते हुए लगातार तीन बम फेंके। धमाकों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया तथा कई जगहों पर ईंटबाजी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं।
घटना के दौरान 2 राउंड फायरिंग और 7 देसी बम फटे!
बताया जा रहा है कि हिंसा के दौरान आसपास की झुग्गी-झोपड़ियों के पास भी बम फटे, जिससे स्थानीय निवासी भयभीत हो गए। कुछ दुकानों में तोड़फोड़ की कोशिश की गई और कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है। एक रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के दौरान 2 राउंड गोलियां चलने और 7 देसी बम फटने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना पर आरोप-प्रत्यारोप जारी
इस पूरे मामले में भाजपा माइनॉरिटी सेल के नेता मनोज खान का नाम भी सामने आया है। उन पर बम फेंकने का आरोप लगाया गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि टीएमसी समर्थित असामाजिक तत्वों ने सुनियोजित तरीके से हमला किया। वहीं, टीएमसी की ओर से भी भाजपा पर इलाके में अशांति फैलाने का आरोप लगाया गया है। दोनों राजनीतिक दलों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच स्थानीय लोग भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही हावड़ा नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। हावड़ा नगर पुलिस आयुक्त अखिलेश चतुर्वेदी ने कहा, शिवपुर के चौराबस्ती इलाके में राजनीतिक झड़प हुई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में कर लिया गया। घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात
पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। RAF के जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी नई हिंसक घटना को रोका जा सके। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।
Written By: Geeta Sharma