राज्यसभा और तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद सुष्मिता देव के भारतीय जनता पार्टी में जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। बता दें कि दिल्ली में सुष्मिता देव ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात हुई, जिसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं।
मुख्यमंत्रियों की बैठक के लिए दिल्ली में मौजूद हैं सरमा
हिमंत बिस्वा सरमा इन दिनों एनडीए मुख्यमंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली में मौजूद हैं। इसी दौरान यह मुलाकात हुई, जिससे सियासी हलचल और बढ़ गई है।
2014 में लोकसभा सांसद चुनी गई थीं सुष्मिता देव
सुष्मिता देव 2014 में असम के सिलचर से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा सांसद चुनी गई थीं। बाद में वे महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बनीं। 2021 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर तृणमूल कांग्रेस का दामन थामा था। इसके कुछ समय बाद ही उन्हें राज्यसभा भेजा गया था।
बंगाल में चुनावी हार के बाद से पार्टी में असंतोष की खबरें
पश्चिम बंगाल में चुनावी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस में अंदरूनी असंतोष की खबरें भी सामने आई हैं। पहले कई विधायकों के अलग रुख अपनाने की चर्चा रही, और लोकसभा स्तर पर भी कुछ सांसदों के अलग गुट में जाने की बातें सामने आई थीं। वहीं, राज्यसभा में टीएमसी की स्थिति की बात करें तो पार्टी के कुल 13 सांसद थे। इनमें से दो के इस्तीफे के बाद अब संख्या घटकर 11 रह गई है।
Written By Toshi Shah