आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को एक पत्र लिखकर कोचिंग संस्थानों से जुड़े विवाद और नेपाल में रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत की सीबीआई जांच कराने की मांग की है, उनका कहना है कि इस पूरे मामले में जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।
सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने दी ये प्रतिक्रिया
इस पर बीजेपी की ओर से प्रतिक्रिया देते हुए बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि सरकार सभी पहलुओं पर विचार कर सकती है, लेकिन तेजस्वी यादव को इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की जिम्मेदारी है कि बिहार में शिक्षा का माहौल बेहतर बने, ताकि छात्रों को सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण मिल सके।
असामाजिक तत्वों की वजह से माहौल हो रहा है प्रभावित
रामकृपाल यादव ने यह भी कहा कि शिक्षा क्षेत्र में कुछ दुखद घटनाएं सामने आई हैं और असामाजिक तत्वों की वजह से कई जगह माहौल प्रभावित हो रहा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर शिक्षा को व्यावसायिक रूप दे दिया गया है, जिससे स्थिति और बिगड़ रही है।
बिहार में भी कोचिंग का है बेहतर माहौल विकसित
रामकृपाल ने आगे कहा कि पहले छात्र उच्च शिक्षा के लिए कोटा, पुणे और दिल्ली जैसे शहरों का रुख करते थे, लेकिन अब बिहार में भी कोचिंग का बेहतर माहौल विकसित हो रहा है, उन्होंने शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए यह भी कहा कि शिक्षा को जाति और राजनीति से दूर रखना चाहिए, क्योंकि ऐसा होने पर इसका मूल उद्देश्य कमजोर पड़ जाता है।
Written By Toshi Shah