Motihari News: बिहार के मोतिहारी जिले में एक बार फिर जहरीली शराब का कहर देखने को मिल रहा है। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में जहरीली शराब पीने से चंदू नामक युवक की मौत हो गई। 3 अन्य लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। वहीं सभी का इलाज शहर के निजी अस्पतालों में चल रहा है, जहां डॉक्टरों ने उनकी आंखों की रोशनी चले जाने की आशंका जताई है।

जहरीली शराब से गई आंखों की रोशनी

मृतक चंदू ई-रिक्शा चालक था। वहीं बीमार लोगों में लोहा ठाकुर, जो एसबीआई इंश्योरेंस में निजी गार्ड के रूप में कार्यरत है, लड्डू साह उर्फ जितेंद्र, जो पिकअप वाहन चलाता है, और राहुल, जो पेशे से फोटोग्राफर है, शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इन तीनों की आंखों की रोशनी प्रभावित हो चुकी है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

शराब के चलते लोगों की बिगड़ी हालत

डॉक्टरों के अनुसार, मरीजों के लक्षण जहरीली शराब के सेवन की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने बताया कि सभी मरीज पेट दर्द, बेचैनी और धीरे-धीरे आंखों से कम दिखाई देने की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे। लोहा ठाकुर की पत्नी के मुताबिक, उनके पति शाम को घर लौटे थे और सुबह उठने पर उन्होंने बताया कि उन्हें कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

नहीं लग पाई अवैध शराब के कारोबार पर लगाम

स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इस इलाके में जहरीली शराब से कई लोगों की मौत हो चुकी है। करीब ढाई साल पहले भी रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में इसी तरह की घटना में कई लोगों ने जान गंवाई थी। इसके बावजूद अवैध शराब कारोबार पर लगाम नहीं लग पाई है।

घटना के बाद हरकत में आई जिला पुलिस

घटना के बाद जिला पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी कर अवैध शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता नागा रॉय को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

इधर, तुरकौलिया थाना क्षेत्र में मृतक प्रमोद यादव के परिजनों ने हत्या का मामला दर्ज कराया है। वहीं लापरवाही के आरोप में परसौना के चौकीदार भरत रॉय को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Writen By: Geeta Sharma