PNG Price Hike: आम आदमी पर महंगाई का एक ओर झटका लगने जा रहा है। खबरों के मुताबिक इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में पाइप से घरों तक पहुंचने वाली गैस की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। 1 अप्रैल 2026 से PNG की कीमत प्रभावी हो चुकी हैं।
दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में बढ़ी PNG की कीमत
देश की राजधानी दिल्ली में PNG की कीमत अब 49.59 रुपये प्रति मानक घन मीटर (SCM) हो गई है। वहीं कंपनी के अनुसार, इससे पहले यह दर 47.89 रुपये प्रति SCM थी। इस तरह दिल्ली में उपभोक्ताओं को अब प्रति SCM 1.70 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। इसी तरह नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी कीमतें 47.76 रुपये से बढ़ाकर 49.46 रुपये प्रति SCM कर दी गई हैं।
अन्य शहरों में PNG की कीमत कितनी है?
महंगाई का असर सिर्फ दिल्ली-एनसीआर तक नहीं है, बल्कि अन्य शहरों में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली में PNG की कीमत की बात करें तो 47.35 रुपये से बढ़कर 48.35 रुपये प्रति SCM हो गई है। जबकि अजमेर, पाली और राजसमंद के उपभोक्ताओं को अब 48.27 रुपये प्रति SCM की दर से भुगतान करना होगा।
दाम बढ़ने के पीछे क्या कारण है?
हालांकि गैस वितरण कंपनियों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों में तेजी आई, इस वजह से यह कदम उठाना पड़ा है। खासकर मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण वैश्विक सप्लाई चेन पर दबाव बना हुआ है।
कुछ ही महीनों में देखा गया कीमतों में उछाल
पिछले कुछ महीनों में गैस की कीमतों में लगातार उछाल देखा गया है। मार्च महीने में ही घरेलू LPG सिलेंडर के दाम 60 रुपये तक बढ़ाए गए थे, जबकि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 3 चरणों में कुल 338 रुपये तक महंगे हो चुके हैं।
Writen By: Geeta Sharma