PM Modi: 10 मई रविवार को पीएम मोदी कर्नाटक और तेलंगाना के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह आध्यात्मिक, सामाजिक और विकास से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा,बल्कि स्वास्थ्य,शिक्षा,रोजगार और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों को भी मजबूती प्रदान करेगा। कुल मिलाकर लगभग 9,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दोनों राज्यों को मिलने जा रही है।
बेंगलुरु पहुंचेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री सबसे पहले बेंगलुरु पहुंचेंगे, जहां वह Art of Living Foundation की 45वीं वर्षगांठ समारोह में हिस्सा लेंगे। इस संस्था की स्थापना आध्यात्मिक गुरु Sri Sri Ravi Shankar ने वर्ष 1981 में की थी। आज यह संगठन 182 देशों में कार्यरत है और मानसिक स्वास्थ्य, योग, ध्यान तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
ध्यान मंदिर का उद्घाटन करेंगे PM
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में नव-निर्मित ध्यान मंदिर का उद्घाटन करेंगे। यह ध्यान केंद्र आंतरिक शांति और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। साथ ही प्रधानमंत्री ग्रामीण विकास,पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक परिवर्तन से जुड़ी कई राष्ट्रव्यापी सेवा पहलों की भी शुरुआत करेंगे। यह कार्यक्रम श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मदिवस समारोह के साथ भी जुड़ा हुआ है।
हैदराबाद पहुंचेंगे प्रधानमंत्री मोदी
बेंगलुरु के बाद प्रधानमंत्री हैदराबाद पहुंचेंगे,जहां वह कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करना,उद्योगों को प्रोत्साहन देना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-167 के फोर-लेन
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-167 के फोर-लेन विस्तार परियोजना की आधारशिला रखेंगे। लगभग 3,175 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे का हिस्सा है। इससे तेलंगाना और कर्नाटक के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और यात्रा समय में करीब डेढ़ घंटे की कमी आएगी।
जहीराबाद औद्योगिक क्षेत्र की आधारशिला रखी जाएगी
इसके अलावा संगारेड्डी जिले में जहीराबाद औद्योगिक क्षेत्र की भी आधारशिला रखी जाएगी। लगभग 2,350 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाला यह औद्योगिक क्षेत्र 3,245 एकड़ में फैला होगा। इससे लगभग 10,000 करोड़ रुपये का निवेश आने और हजारों रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
वारंगल में पीएम मित्रा पार्क का उद्घाटन
कपड़ा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री वारंगल में पीएम मित्रा पार्क का उद्घाटन करेंगे। लगभग 1,700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना केंद्र सरकार के ‘5F विजन’ — फार्म टू फाइबर, फाइबर टू फैक्ट्री, फैक्ट्री टू फैशन और फैशन टू फॉरेन — को मजबूत करेगी।
कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की जाएंगी
रेलवे क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की जाएंगी। इनमें काजीपेट-विजयवाड़ा मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना और काजीपेट रेल अंडर रेल बाईपास शामिल हैं। लगभग 1,535 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं से रेल परिचालन अधिक सुगम और तेज होगा।
मलकापुर पेट्रोलियम टर्मिनल का उद्घाटन
ऊर्जा क्षेत्र में पीएम Indian Oil Corporation के मलकापुर पेट्रोलियम टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना क्षेत्र की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हैदराबाद में सिंधु अस्पताल का लोकार्पण
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री हैदराबाद में सिंधु अस्पताल का लोकार्पण भी करेंगे। यह अत्याधुनिक मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल कैंसर उपचार और उन्नत चिकित्सा सुविधाओं के लिए समर्पित होगा।
पीएम का दौरा आध्यात्मिकता और जनकल्याण का उदाहरण
प्रधानमंत्री का यह दौरा विकास, आध्यात्मिकता और जनकल्याण का संतुलित उदाहरण माना जा रहा है। इससे दक्षिण भारत में आधारभूत संरचना, उद्योग, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुलने की उम्मीद है।
Written By: Geeta Sharma