PM Modi in Assam: असम में आगामी विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दल आमने-सामने हैं, जहां रैलियों, वादों और आरोप- प्रत्यारोप का दौर जारी है। साथ ही जनता को लुभाने के लिए सभी पार्टियां अपने-अपने एजेंडे और योजनाओं को सामने रख रही हैं। इसी कड़ी में पीएम मोदी ने असम के बरपेटा में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है।

'असम चुनाव में कांग्रेस की हार की सेंचुरी लगेगी'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस बार चुनाव में कांग्रेस की हार की सेंचुरी लगने वाली है। असम की जनता ने 2 काम पक्के कर लिए हैं। पहला असम में भाजपा-एनडीए की हैट्रिक लगेगी और दूसरा काम, कांग्रेस के शाही परिवार के नामदार जो दिल्ली में बैठे हैं, उनकी हार की सेंचुरी का रिकॉर्ड असम की जानता बनवाएंगे।

बीजेपी के स्थापना दिवस पर पर बोले पीएम मोदी

आगे उन्होंने बीजेपी के स्थापना दिवस पर हर कार्यकर्ता और पार्टी से जुड़े हर व्यक्ति को दिल से बधाई दी। पीएम ने कहा कि भाजपा के लोग नेशन फर्स्ट के मंत्र के साथ मां भारती की सेवा में समर्पित हैं। आप लोगों ने गौर किया होगा कि कांग्रेस कभी जनता के बीच अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर नहीं जाती। जबकि बीजेपी सरकार, जनता को बताती है कि हमने जनता की सेवा के लिए क्या किया।

'बीजेपी असम को बुलंदी की ओर ले जा रही है'

इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के लोगों से कहा कि उनका वोट इस बार विकसित असम के निर्माण की नींव को और मजबूत करने वाला है। क्योंकि बीजेपी असम को उस बुलंदी की तरफ लेकर जा रही है, जिसके असम के लोग हकदार हैं। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में हमेशा लंबे समय का विजन नहीं रहा। उनका ज्यादा ध्यान करप्शन करने के लिए शॉर्ट-टर्म फायदे पर था।

कब है असम में चुनाव?

असम विधानसभा चुनाव 2026 में अब केवल कुछ ही दिन बचे हैं। राज्य के 126 सीटों पर एक ही चरण में 9 अप्रैल को वोटिंग होगी। वहीं, चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

 Writen By: Geeta Sharma