PM Modi: पीएम मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे, जहां वे देश के एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ यात्रा को तेज और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण करेंगे पीएम मोदी

जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी सुबह करीब 11:15 बजे सहारनपुर में कॉरिडोर के एलिवेटेड सेक्शन पर बने वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे जय मां दात काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। दोपहर करीब 12:30 बजे देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में वे इस कॉरिडोर का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।

लगभग ढाई घंटे में पहुंचेंगे दिल्ली से देहरादून

करीब 213 किलोमीटर लंबा यह छह लेन का एक्सेस-कंट्रोल्ड कॉरिडोर 12,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। यह मार्ग दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ता है। इस परियोजना के पूरा होने से दिल्ली से देहरादून की यात्रा, जो पहले 6 घंटे से अधिक समय लेती थी, अब घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगी। कॉरिडोर में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें 10 इंटरचेंज, 3 रेलवे ओवरब्रिज, 4 बड़े पुल और 12 वे-साइड सुविधाएं शामिल हैं, जो यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करेंगी। साथ ही एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) लगाया गया है, जिससे ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा दोनों में सुधार होगा।

परियोजना में किए गए कई अनोखे उपाय

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना में कई अनोखे उपाय किए गए हैं। इसमें 12 किलोमीटर लंबा वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया गया है, जो एशिया के सबसे लंबे कॉरिडोर में से एक है। इसके अलावा 8 एनिमल पास, 200-200 मीटर के दो हाथी अंडरपास और दात काली मंदिर के पास 370 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया गया है, ताकि वन्यजीवों की आवाजाही प्रभावित न हो।

इकोनॉमिक कॉरिडोर क्षेत्रीय विकास को देगी नई गति

यह इकोनॉमिक कॉरिडोर न केवल यात्रा समय को कम करेगा बल्कि पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगा। सरकार का मानना है कि यह परियोजना हाई-स्पीड कनेक्टिविटी, पर्यावरण संतुलन और बेहतर जीवन स्तर के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 Writen By: Geeta Sharma