प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी मंगलवार को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। इसके पहले उनका कार्यक्रम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी है। वे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में वन्यजीव गलियारे का निरीक्षण करेंगे और उत्तराखंड में स्थित मां दात काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।
12:30 बजे करेंगे उद्घाटन
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:40 बजे देहरादून के पास जय मां दात काली मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद लगभग 12:30 बजे वे देहरादून में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन करेंगे और वहां जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
12,000 करोड़ के लगत में हुआ हैं तैयार
करीब 213 किलोमीटर लंबा यह छह लेन का एक्सेस-कंट्रोल्ड कॉरिडोर 12,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। यह दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ता है और इससे दिल्ली से देहरादून की यात्रा का समय छह घंटे से घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा। इस परियोजना में बेहतर और सुरक्षित यातायात के लिए 10 इंटरचेंज, तीन रेलवे ओवरब्रिज, चार बड़े पुल और 12 वे-साइड सुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम भी लगाया गया है।
कॉरिडोर को विशेष रूप से किया गया है डिजाइन
पर्यावरण और वन्यजीवों को ध्यान में रखते हुए इस कॉरिडोर को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है, ताकि मानव और वन्यजीव संघर्ष को कम किया जा सके। इसमें 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वन्यजीव गलियारा शामिल है, जो एशिया के सबसे लंबे कॉरिडोर में से एक है। इसके अलावा जानवरों के लिए कई अंडरपास और एक लंबी सुरंग भी बनाई गई है, जो दात काली मंदिर क्षेत्र के पास स्थित है।
आधुनिक बुनियादी ढांचे से तैयार है एक्सप्रेस-वे
यह एक्सप्रेस-वे न सिर्फ यात्रा को तेज बनाएगा, बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा देगा और पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा। यह परियोजना सरकार के उस लक्ष्य को दर्शाती है जिसमें आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों की सुविधा को भी समान महत्व दिया गया है।
Written By Toshi Shah