PM Modi Video: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार देर रात इंस्टाग्राम लाइव के जरिए देश के युवाओं, खासकर Gen-Z को संबोधित करते हुए जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान सामने आए विवादित वीडियो पर बड़ा संदेश दिया। रात करीब 11 बजे प्रसारित इस संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान जिस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया, उसे पूरे देश और दुनिया ने देखा। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनकी दिवंगत माता के खिलाफ भी अपमानजनक टिप्पणियां की गईं, जो किसी भी सभ्य समाज के लिए स्वीकार्य नहीं हैं।
हालांकि, प्रधानमंत्री ने सख्त प्रतिक्रिया देने के बजाय युवाओं से सकारात्मक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि बचपन में गलतियां होती हैं और उन गलतियों से सीखने का अवसर भी मिलता है। ये बच्चे भी हमारे हैं। उन्हें सही राह दिखाना हमारा दायित्व है।
हम सब मिलकर देश को आगे बढ़ाएं
पीएम मोदी ने कहा कि समाज में इस घटना को लेकर जो आक्रोश है, वह उसे समझते हैं। उन्होंने कहा कि यह एक 'कल्चरल शॉक' है कि देश की बेटियां इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कैसे कर सकती हैं। इसके बावजूद उन्होंने युवाओं से देश के विकास में भागीदार बनने की अपील करते हुए कहा कि आओ, हम सब मिलकर देश को आगे बढ़ाएं। अपने सपनों को पूरा करें और गलतियों से सीखकर नई शुरुआत करें।
प्रधानमंत्री का यह संदेश जंतर-मंतर पर हुए विवादित प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, 23 जुलाई 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में छात्रों और युवाओं का प्रदर्शन हुआ था। इसी दौरान रुचिका सिंह नाम की 25 वर्षीय युवती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी करती नजर आई।
वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। शिकायत के आधार पर नोएडा में रुचिका सिंह के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कथित टिप्पणियां प्रधानमंत्री के संवैधानिक पद की गरिमा के खिलाफ हैं और इससे सामाजिक वैमनस्य तथा सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका पैदा होती है।
फिलहाल, इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस जारी है। एक पक्ष अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मुद्दा उठा रहा है, जबकि दूसरा पक्ष सार्वजनिक मंचों पर मर्यादित भाषा के इस्तेमाल की वकालत कर रहा है। इसी बीच प्रधानमंत्री मोदी का यह संदेश चर्चा का केंद्र बन गया है, जिसमें उन्होंने दंड के बजाय युवाओं को सुधार और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
और पढ़ें:
मोदी सरकार का बड़ा ऐलान! PM Kisan Scheme 2031 तक बढ़ी, किसानों को मिलेगा लाभ
Written By Shailesh Yadav