Peru Plane Crash: रहस्यमयी 'नाज्का लाइन्स' (Nazca Lines) का हवाई नजारा देखने निकले पर्यटकों का सफर एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। शनिवार दोपहर करीब 1 बजे दक्षिणी पेरू के नाज्का शहर के पास एयरोडियाना (Aerodiana) एयरलाइन का एक छोटा दर्शनीय विमान (Sightseeing Flight) दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में जा गिरा। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, इस भीषण हादसे में विमान में सवार सभी 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जिसमें 11 पर्यटक और 2 पायलट बताए जा रहे हैं।
पिस्को एयरपोर्ट से भरी थी उड़ान
पुलिस अधिकारी जॉर्ज एंड्रेड के अनुसार, विमान ने पिस्को एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। यूनेस्को विश्व धरोहर नाज्का लाइन्स के ऊपर उड़ान भरते समय विमान ने अचानक अपना नियंत्रण खो दिया और खेत में जा क्रैश हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किसी को भी बचने का मौका नहीं मिला। सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। शुरुआत में चार शव बरामद कर लिए गए थे, जबकि अन्य शवों को निकालने का अभियान जारी है। यात्रियों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
क्या हैं नाज्का लाइन्स?
पेरू के रेगिस्तान में बनी नाज्का लाइन्स दुनिया के सबसे रहस्यमयी पुरातात्विक स्थलों में से एक हैं। सैकड़ों साल पहले स्थानीय आदिवासी समुदायों द्वारा जमीन की ऊपरी परत हटाकर बनाई गई इन आकृतियों में विशाल पक्षी, बंदर, मकड़ी और विभिन्न ज्यामितीय चित्र शामिल हैं। इन्हें पूरी तरह से केवल आसमान से ही देखा जा सकता है, जिसके चलते कई लोग इसे एलियन से भी जोड़कर देखते हैं। इसी अनोखी कलाकृति को देखने के लिए हर साल हजारों पर्यटक छोटे विमानों से हवाई दौरा करते हैं।
Peru Plane Crash: Nazca Lines के ऊपर दर्दनाक हादसा, 13 लोगों की मौत#PeruPlaneCrash #NazcaLines #PlaneCrash #BreakingNews #Peru #CessnaCaravan #Aerodiana #AviationNews #WorldNews #TouristPlane #CrashNews #LatestNews #NoSurvivors #PeruNews #Nazca pic.twitter.com/HqkaKPN2xb
— TNP NEWS (@TNPNEWS1) August 2, 2026
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे गंभीर सवाल
हादसे के असली कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि, इस रूट पर बार-बार हो रहे हादसों ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है. बता दें कि 2022 मेज्का लाइन्स के पास विमान क्रैश होने से 7 लोगों की मौत हुई थी. जबकि 2010 में एक अन्य विमान दुर्घटना में 6 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। लगातार हो रहे इन हादसों के बाद नाज्का लाइन्स पर चलने वाली पर्यटन उड़ानों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर एक बार फिर कड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
Written By Shailesh Yadav