भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता और गायक पवन सिंह इन दिनों बिहार की राजनीति में भी चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। भाजपा द्वारा बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिया गया है। जिसके बाद पवन सिंह ने शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसकी खूब चर्चा हो रही है।

विधान परिषद चुनाव के लिए 4 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा

भाजपा ने शुक्रवार को आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए 4 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। इनमें पवन सिंह,संजय मयूख,अनिल ठाकुर और शीला पंडित को पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। उम्मीदवार घोषित होने के बाद पवन सिंह ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया।

संजय मयूख एवं पवन सिंह ने सम्राट चौधरी से की मुलाकात

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पवन सिंह और संजय मयूख के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए भाजपा की ओर से घोषित प्रत्याशी संजय मयूख एवं पवन सिंह ने उनसे लोकसेवक आवास में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी जीत की कामना भी की। सम्राट चौधरी की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए पवन सिंह ने उन्हें धन्यवाद दिया और सादर प्रणाम किया।

संजय सरावगी ने पवन सिंह के साथ साझा की तस्वीरें 

इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में पवन सिंह से मुलाकात की। उन्होंने एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि पवन सिंह से शिष्टाचार भेंट हुई और उन्हें आगामी चुनाव में शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। उन्होंने पवन सिंह के उज्ज्वल और सफल राजनीतिक भविष्य की भी कामना की।

2024 के लोकसभा चुनाव में पवन सिंह ने लड़ा था चुनाव 

गौरतलब है कि पवन सिंह ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में काराकाट संसदीय क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। हालांकि इस बार भाजपा ने उन पर भरोसा जताते हुए विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। इस दौरान पवन सिंह ने बिहार भाजपा के महासचिव (संगठन) भीखुभाई दलसानिया से भी मुलाकात की।

पार्टी मेरे लिए मां के समान है: पवन सिंह 

राज्य भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पवन सिंह ने कहा,पार्टी मेरे लिए मां के समान है। मैं भाजपा का एक विनम्र कार्यकर्ता हूं। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी,उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से पालन करूंगा। मैं पार्टी के केंद्रीय और राज्य नेतृत्व का आभारी हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया है। पवन सिंह की सक्रियता और भाजपा नेतृत्व से लगातार मुलाकातों को आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

Written By: Geeta Sharma