मंगलवार की रात पंजाब के जालंधर और अमृतसर में लगभग तीन घंटे के अंतराल में बीएसएफ मुख्यालयों के बाहर तेज धमाकों से हड़कंप मच गया। बता दें कि पिछले करीब डेढ़ साल में पंजाब में कई पुलिस थानों को भी इसी तरह के ग्रेनेड हमलों का निशाना बनाया जा चुका है।
स्कूटी चालक से पूछताछ में जुटी पुलिस
पंजाब के जालंधर में रात करीब 8:15 बजे बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर खड़ी एक स्कूटी में विस्फोट हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि कैंपस की दीवारें तक कांप उठीं और आवाज करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इस घटना में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना सामने आई है जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। स्कूटी चला रहे व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर भी हुआ धमाका
इसके करीब ढाई घंटे बाद अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास खासा इलाके में भी बीएसएफ मुख्यालय के बाहर धमाका हुआ। यह घटना रात करीब 10:50 बजे की बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक पर सवार दो नकाबपोशों ने विस्फोटक सामग्री को हवा में उछालकर बीएसएफ परिसर की ओर फेंका, जो दीवार से टकराते ही फट गया।
ग्रेनेड से किया गया हमला
इस धमाके के कारण सुरक्षा दीवार के पास लगा टीन शेड गिर गया और गेट नंबर 6 और 7 के बीच की दीवार को भी नुकसान पहुंचा। घटना के तुरंत बाद सेना और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। शुरुआती तौर पर इसे ग्रेनेड हमला माना जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।