Dehradun News:  उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। दरअसल, यह पूरा मामला देहरादून के विकासनगर में हिंदू युवक विनोद की मौत से जुड़ा हैं। जिसके बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूटा है। लोगों ने आरोपी के घर को आग के हवाले कर दिया है। इस बीच देहरादून प्रशासन ने बुलडोजर एक्शन शुरू कर दिया है। आरोपी इम्तियाज के घर पर अवैध निर्माण को बुलडोजर से ढहाने का काम किया जा रहा है।

खेत में पानी लगाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में खेत में पानी लगाने को लेकर शुरू हुआ एक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

कहासुनी के बाद शुरू हुई मारपीट

जानकारी के अनुसार, विनोद और उनके भाई सरकारी ट्यूबवेल से अपने खेत में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान पास के खेत के मालिक इम्तियाज ने इस पर आपत्ति जताई। दोनों पक्षों के बीच पहले से भी कुछ पुरानी रंजिश बताई जा रही है। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।

पुलिस और प्रशासन को करना पड़ा बीच बचाव

आरोप है कि इम्तियाज अपने साथ करीब एक दर्जन लोगों को लेकर आया और विनोद तथा उनके भाइयों पर हमला कर दिया। इस हमले में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके 2 भाई भी बुरी तरह जख्मी हुए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान विनोद की मौत हो गई। विनोद की मौत की खबर फैलते ही इलाके में लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर को निशाना बनाने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन को तुरंत सक्रिय होना पड़ा।

पुलिस ने 25 लोगों के खिलाफ दर्ज की FIR

पुलिस ने इस मामले में 3 नामजद आरोपियों समेत 25 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। प्रशासन लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे।

Written By: Geeta Sharma