उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच कई जिलों में लगातार हो रही बिजली कटौती लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। इस मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है, उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आम जनता गर्मी में राहत पाने के लिए संघर्ष कर रही है।

भारतीय जनता पार्टी पर अखिलेश यादव ने कसा तंज

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा, उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो भाजपा शासन में बिजली भी गर्मियों की छुट्टी पर चली गई हो, उन्होंने बिजली कटौती पर एक गीत के जरिए निशाना साधते हुए लोगों की परेशानी का जिक्र किया। सपा मुखिया ने लिखा-

'भाजपा राज में ‘गर्मी की छुट्टी’ गीत!

 न बिजली जले, न पंखा चले

गर्मी में जनता दिन-रात जले

पानी के नाम पर पसीना बहे

यूपी की जनता अब किस से कहे

न बिजली जले, न पंखा चले

गर्मी में जनता दिन-रात जले

बातों से सपना सबको दिखे

लेकिन हक़ीक़त में दुख ही मिले

न बिजली जले, न पंखा चले

गर्मी में जनता दिन-रात जले

सब-टेसन पर पीएसी पहरा करे

जनता के सवालों से नेता डरे

चिट्ठी लिख-लिख अपनी बातें कहे

यूपी की जनता अब किस से कहे

न बिजली जले, न पंखा चले

गर्मी में जनता दिन-रात जले'

इन इलाकों में बिजली कटने की शिकायत

प्रदेश के कई हिस्सों, जिनमें नोएडा (Noida), कानपुर (Kanpur) और पीलीभीत (Pilibhit) शामिल हैं, से लंबे समय तक बिजली बाधित रहने की शिकायतें सामने आई हैं। कई स्थानों पर नाराज उपभोक्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन भी किया है। पीलीभीत में कुछ इलाकों में प्रतिदिन कई घंटों तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने की खबरें मिली हैं। इसी बीच राज्य सरकार में मंत्री संजय गंगवार (Sanjay Gangwar) का एक वीडियो भी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले कई वर्षों में इस तरह की बिजली कटौती देखने को नहीं मिली थी।

सीमम योगी ने बिजली व्यवस्था में सुधार का दिया निर्देश

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने अधिकारियों को बिजली व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए हैं, उन्होंने कहा है कि तकनीकी और प्रशासनिक कमियों को जल्द दूर कर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।

 

 

 

 

Written By Toshi Shah