मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच रविवार को भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने सऊदी अरब के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इन बैठकों में भारत-सऊदी द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर चर्चा हुई।

रियाद में डोभाल का किया गया स्वागत

डोभाल के रियाद पहुंचने पर उनका स्वागत सऊदी अरब में भारत के राजदूत सुहेल खान और सऊदी के राजनीतिक मामलों के उप मंत्री सऊद अल-साती ने किया। इसके बाद उन्होंने सऊदी नेतृत्व के साथ उच्चस्तरीय वार्ताएं कीं।

 डोभाल ने कई वरिष्ठ नेताओं से की मुलाकात

डोभाल ने सऊदी विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान, ऊर्जा मंत्री अब्दुलअजीज बिन सलमान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मुसाइद अल-ऐबान से अलग-अलग मुलाकात की। जानकारी के अनुसार, इन बैठकों में द्विपक्षीय सहयोग, क्षेत्रीय स्थिरता और आपसी हितों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

पश्चिम एशिया में संघर्ष की स्थिति गंभीर

यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब पश्चिम एशिया में संघर्ष की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। साथ ही, पाकिस्तान में इस सप्ताह अमेरिका और ईरान के बीच संभावित दूसरे दौर की वार्ता की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। हालांकि 11 और 12 अप्रैल को हुए पहले दौर की बातचीत किसी ठोस परिणाम के बिना समाप्त हो गई थी।

भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सबसे ऊपर

भारत की प्राथमिकताओं में खाड़ी क्षेत्र में बसे लाखों भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सबसे ऊपर है। इसके साथ ही, भारत सऊदी अरब जैसे प्रमुख क्षेत्रीय साझेदारों के साथ रक्षा, ऊर्जा और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग को और विस्तार देने पर भी जोर दे रहा है।

 Written By: Geeta Sharma