आज के दौर में शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र बचा हो, जहां AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल न हो रहा हो। ऑफिस का काम हो, बच्चों का स्कूल प्रोजेक्ट, ऑनलाइन पढ़ाई या फिर किसी सवाल का तुरंत जवाब चाहिए हो, लोग तेजी से AI का सहारा लेने लगे हैं। कुछ साल पहले तक लोग घंटों इंटरनेट पर जानकारी खोजते थे, लेकिन अब AI कुछ ही सेकंड में आसान भाषा में जवाब दे देता है। यही वजह है कि AI आज लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है।
AI आपकी बात कैसे समझता है?
जब कोई व्यक्ति AI से सवाल पूछता है, तो AI केवल शब्दों को नहीं पढ़ता, बल्कि उनके पीछे का मतलब समझने की कोशिश करता है। इसके लिए मशीन लर्निंग और नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग जैसी तकनीकों का उपयोग किया जाता है। आसान शब्दों में कहें तो AI लाखों किताबों, लेखों और ऑनलाइन जानकारियों से सीखता है कि इंसान किस तरह बातचीत करते हैं और सवाल पूछते हैं।
उदाहरण के तौर पर अगर कोई पूछे, “आज मौसम कैसा रहेगा?” तो AI समझ जाता है कि यूजर मौसम की जानकारी जानना चाहता है। इसके बाद वह उपलब्ध डेटा और अपनी सीख के आधार पर जवाब तैयार करता है।
AI को जवाब देना कौन सिखाता है?
AI अपने आप सबकुछ नहीं सीखता। इसे पहले विशेष तरीके से ट्रेन किया जाता है। बड़ी-बड़ी टेक कंपनियां AI को करोड़ों शब्दों, तस्वीरों और जानकारियों के जरिए तैयार करती हैं। जितना ज्यादा डेटा AI को मिलता है, उतना ही बेहतर वह लोगों के सवालों का जवाब देना सीखता जाता है।
स्कूल में AI का इस्तेमाल
आज AI का इस्तेमाल स्कूल के सवाल हल करने, ऑफिस रिपोर्ट बनाने, ईमेल लिखने, कंटेंट तैयार करने और फोटो एडिटिंग जैसे कई कामों में किया जा रहा है। यही कारण है कि इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।
हर क्षेत्र में क्यों बढ़ रहा है AI का उपयोग?
आज की व्यस्त जिंदगी में लोगों के पास समय कम होता जा रहा है। ऐसे में AI कुछ ही सेकंड में जानकारी देकर काम को आसान बना देता है। बच्चों को होमवर्क समझना हो, नौकरी के लिए रिज्यूमे बनाना हो या बिजनेस आइडिया चाहिए हो, AI हर जगह मददगार साबित हो रहा है।
ऑफिसों में डेटा मैनेजमेंट, मीटिंग नोट्स के लिए AI का प्रयोग
कई कंपनियां अब अपने ऑफिसों में डेटा मैनेजमेंट, मीटिंग नोट्स तैयार करने और कस्टमर सपोर्ट जैसी सेवाओं में AI का इस्तेमाल कर रही हैं। इससे समय की बचत होती है और काम पहले से ज्यादा तेजी और सटीकता के साथ पूरा हो पाता है।
Written By Toshi Shah