Prashant Kishor on Samrat Choudhary: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। लेकिन उससे पहले ही राज्य में बयानबाजी को दौर शुरू हो चुका है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक और इस सीट से उम्मीदवार प्रशांत किशोर (PK) ने राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान प्रशासन का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया गया। साथ ही प्रशांत किशोर ने यह भी दावा किया कि यदि बांकीपुर में जन सुराज पार्टी को जीत मिलती है तो यह राज्य की राजनीति में बड़ा संदेश होगा और इससे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की राजनीतिक स्थिति पर भी असर पड़ेगा।
'नीतीश कुमार ने कभी प्रशासन का गलत इस्तेमाल नहीं किया'
प्रशांत किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने लगभग 20 वर्षों के राजनीतिक कार्यकाल में चुनाव जीतने के लिए कभी प्रशासन का दुरुपयोग नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में प्रशासनिक मशीनरी का इस्तेमाल विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है। पीके ने पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी के दबाव में जन सुराज के स्थानीय नेताओं को हिरासत में लिया गया।
यह भी पढ़ें: 'अब BJP जाएगी,फिर कभी न आएगी...',अखिलेश का योगी सरकार पर कटाक्ष
मतदान के दिन पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
मतदान के दिन प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि पुलिस बिना किसी ठोस कारण के उनके समर्थकों और मतदान अभिकर्ताओं को हिरासत में ले रही थी। इस दौरान गोलघर के पास नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) ममता कल्याणी के साथ उनकी तीखी बहस भी देखने को मिली। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान प्रशासन का निष्पक्ष रहना लोकतंत्र की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
नेताओं और कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप
पीके ने दावा किया कि मतदान से पहले रात में जन सुराज पार्टी के 20 से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं को उनके घरों से उठाकर अलग-अलग थानों में रखा गया। उनका आरोप है कि पुलिस ने न तो औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज की और न ही हिरासत का स्पष्ट कारण बताया। बाद में इन लोगों को दानापुर और फिर शाहपुर थाना ले जाया गया। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने कानून तोड़ा है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए,लेकिन बिना आरोप हिरासत में रखना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
34.30 प्रतिशत मतदान,त्रिकोणीय मुकाबले पर नजर
बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कुल 34.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह सीट बीजेपी नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला बीजेपी,जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और कांग्रेस समर्थित आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता के बीच माना जा रहा है। अब सभी की नजर 3 अगस्त को आने वाले नतीजों पर टिकी है,जो बिहार की राजनीति में आगे की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
Written By: Geeta Sharma