केरलम में आज नई सरकार का गठन होने जा रहा है। कांग्रेस नेता वीडी सतीशन आज यानी सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, उनके साथ 20 मंत्री भी मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण करेंगे। यह समारोह तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। बता दें कि इस संबंध में सतीशन ने अपने एक्स अकाउंट के जरिए जानकारी साझा की है।

राहुल-प्रियंका शपथ समारोह के लिए केरलम रवाना

नई सरकार के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समारोह में भाग लेने के लिए केरलम रवाना हो चुके हैं।

कई विपक्ष के नेता शपथ में होंगे शामिल

वीडी सतीशन आज केरलम के मुख्यमंत्री का पद संभालेंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर आज सतीशन के साथ 20 मंत्रियों को भी शपथ दिलाएंगे। सतीशन ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में लिखा है कि सोमवार को तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में शपथ समारोह 10 बजे से आयोजित किया जाएगा। शपथ समारोह में विपक्ष के नेता पिनरई विजयन और भाजपा के राज्य अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर, भाकपा सचिव बिनॉय बिश्वम और आईयूएमएल अध्यक्ष पन्नाक्कड़ सादिक अली, कई यूडीएफ नेता, सांसद और विधायक भी मौजूद रहेंगे।

 

 

Written By Toshi Shah